शहर-राज्य
राधा वैली के सामने अनियंत्रित ट्रक पुल के नीचे जा गिरा
मथुरा। राधा वैली के सामने गुरु कृपा वाटिका के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब चीनी से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरा। बताया जा रहा है कि ट्रक तेज रफ्तार में था, तभी चालक संतुलन खो बैठा और ट्रक सीधे पुल के नीचे जा गिरा। हादसा इतना जोरदार था कि आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल ड्राइवर को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


