अधिकमास की शुरुआत के बाद भी बिजली विभाग के दावे हवाहवाई

-जिलाधिकारी ने मेला व्यवस्था के दौरान बिजली आपूर्ति पर जताई थी नाराजगी, विभाग ने साधी चुप्पी
गोवर्धन। गिर्राज नगरी में पवित्र माह अधिकमास की शुरुआत 17 मई से हो चुकी है। अधिकमास के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के गिर्राज जी की परिक्रमा लगाने की संभावना है। परिक्रमार्थियों की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन कोई कोर कसर छोड़ना नहीं चाहता। स्वयं जिलाधिकारी महोदय रात्रि में परिक्रमा मार्ग का भ्रमण कर अधीनस्थों को जरूरी दिशा निर्देश दे रहे हैं। अधिकमास मेला व्यवस्थाओं की कढ़ी में सोमवार को जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह गिर्राज परिक्रमा में पैदल भ्रमण करने आए थे। जहां उन्होंने परिक्रमा मार्ग में अंधेरे के कारण बिजली विभाग को चेतावनी दी थी। जिलाधिकारी ने परिक्रमा में अंधेरे के कारण बिजली विभाग के अधिकारियों पर नाराजगी जाहिर करते हुए बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की चेतावनी दी थी। अधिकारियों को परिक्रमा के दौरान अनावश्यक कटौती के लिए आगाह किया था। वहीं दूसरी ओर कस्बावासी भी बिजली की समस्या से परेशान हैं। रात्रि में लगातार बिजली कटौती से कस्बावासी प्रशासन से चैन की नींद मांग रहे हैं। बड़ा बाजार गोवर्धन निवासी रामकिशन ने बताया कि रात्रि में हर आधा-एक घंटे में बिजली चली जाती है। जिससे यहां रहना मुश्किल हो गया है। डीग अड्डा निवासी लक्ष्मण शर्मा ने बताया कि रात भर बिजली समस्या से परेशान हैं। सोचा तो था कि अधिकमास में 24 घंटे बिजली आपूर्ति मिलेगी। लेकिन अब तो पहले से भी ज्यादा समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। परन्तु बिजली विभाग के अधिकारी जमीनी स्तर पर मेला व्यवस्था देखने के बजाय एसी कार्यालयों में से निकलने से परहेज कर रहे हैं। परिक्रमा मार्ग में बिजली कटौती व ट्रिप की समस्या लगातार बनी हुई है। जगह-जगह परिक्रमा मार्ग में ट्रांसफार्मर के नीचे लगे करंट के बख्शे खुले पड़े हैं। परिक्रमार्थियों की भीड़ को देखते हुए भी विभाग अनजान बना बैठा है। जिससे अनहोनी की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है। एसडीओ गोवर्धन ने बताया कि अधिकमास में बिजली समस्या पर काम किया जा रहा है। बुधवार को मीटिंग के कारण कल व्यवस्थाओं को देखेंगे। आज कर्मचारियों को भेजकर खुले पड़े करंट के बक्शो को बंद करा दिया जाएगा।




