सैकड़ों लोगों को मिला आधार-आयुष्मान व नेत्र जांच का लाभ

गाजियाबाद। जनसेवा और सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को वेव सिटी में एक विशाल जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी के निर्देश पर राष्ट्रीय व्यापार मंडल गाजियाबाद द्वारा डाक विभाग के सहयोग से सेक्टर-2 वेव सिटी स्थित डीपीएस कंस्ट्रक्शन एंड प्रमोटर परिसर में आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर प्रात: 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक संचालित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष बालकिशन गुप्ता ने किया। शिविर में 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जबकि 18 वर्ष तक के बच्चों के नए आधार कार्ड तैयार किए गए। इसके साथ ही सभी आयु वर्ग के लोगों के आधार कार्डों में आवश्यक संशोधन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली। शिविर के अंतर्गत श्रेया आई सेंटर की ओर से नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा जांच की व्यवस्था की गई। नेत्र विशेषज्ञों द्वारा लोगों की आंखों की जांच की गई और आवश्यक परामर्श दिया गया। स्वास्थ्य सुविधा मिलने से स्थानीय लोगों ने आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष बालकिशन गुप्ता, राष्ट्रीय सचिव प्रदीप चौधरी तथा अशोक भारतीय उपस्थित रहे। अतिथियों ने नागरिकों से आयुष्मान योजना और आधार सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। शिविर में कुल 24 आयुष्मान कार्ड बनाए गए, 170 से अधिक आधार कार्ड तैयार किए गए तथा लगभग 185 लोगों ने नेत्र परीक्षण कराया। बालकिशन गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय व्यापार मंडल समाज सेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रदीप चौधरी ने कहा कि आज के समय में आयुष्मान और आधार कार्ड प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण आवश्यकता बन चुके हैं और संगठन का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहज रूप से पहुंचे। अशोक भारतीय ने विधायक अजीत पाल त्यागी के मार्गदर्शन में क्षेत्र में निरंतर हो रहे जनहित कार्यों की सराहना करते हुए जनता के सहयोग को इसकी सफलता का आधार बताया। कार्यक्रम के दौरान प्रमोद चौधरी, संजीव चौधरी एवं दीपक चौधरी ने अतिथियों का पटका और माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा सभी के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। शिविर में पार्षद प्रदीप चौधरी, सौरभ यादव, मनोज कुमार, संजय शर्मा, मंडल अध्यक्ष राहुल तोमर, डाक विभाग से विकास कुमार, मोनू, नेहा, स्वास्थ्य विभाग से सौरभ, गुड्डू मुखिया, भीष्म शर्मा, राजवीर सिंह, मोहित त्यागी, सुमित शर्मा, रिटायर्ड आईएएस ओमवीर वीरवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में प्रमोद चौधरी ने सभी अतिथियों, डाक विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज और प्रशासन के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करते हैं।


