ग़ाज़ियाबाद

नमो भारत स्टेशन के नीचे दौड़ते कैंटर में लगी आग, सुबह तड़के धुएं के बाद भड़की आग

गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र में रविवार तड़के नमो भारत स्टेशन के नीचे चल रहे एक कैंटर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस के अनुसार घटना सुबह करीब सवा पांच बजे की है, जब सिहानी गेट थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि नमो भारत स्टेशन के नीचे खड़े एक कैंटर में आग लग गई है। पुलिस ने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना देते हुए दमकल विभाग को मौके पर रवाना किया। कुछ ही समय में नगर कोतवाली फायर स्टेशन से दमकलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों की तेजी और समन्वित कार्रवाई के चलते आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया। आग की वजह से कैंटर के अंदर लगा बैटरी सिस्टम पूरी तरह जल गया। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि कैंटर चालक रिंकू के अनुसार वाहन चलाते समय पीछे से धुआं उठता दिखाई दिया। राहगीरों ने इशारा कर चालक को इसकी जानकारी दी। जैसे ही उसने वाहन रोका, अचानक आग तेज हो गई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। घटना के दौरान आसपास लोगों की भीड़ एकत्र हो गई थी, लेकिन पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित रखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखी। अधिकारियों का कहना है कि समय रहते आग पर काबू पा लेने से संभावित बड़ा हादसा टल गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button