शहर-राज्य

एमआईटी में गूंजा ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ का संकल्प, 250 से अधिक युवाओं ने बनाई मानव श्रृंखला

उज्ज्वल रस्तौगी मेरठ

मेरठ। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के स्वायत्तशासी निकाय माय भारत के तत्वावधान में एमआईटी, मेरठ में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में युवाओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया और देश को विकसित भारत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। इस अवसर पर 250 से अधिक युवाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर नशे के विरुद्ध जनजागरण का संदेश दिया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरक संबोधन को भी युवाओं ने लाइव प्रसारण के माध्यम से सुना।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बागपत लोकसभा सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, एमआईटी के निदेशक डॉ. के.एल.ए. खान, प्रिंसिपल डॉ. हिमांशु शर्मा, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ. संजय माथुर तथा अजय चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाएगा।

माय भारत के प्रोग्राम सुपरवाइजर नरेंद्र त्यागी ने युवाओं को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाते हुए कहा कि युवाओं की जागरूकता ही इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी युवाओं से अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

इसके उपरांत 250 से अधिक युवाओं ने परिसर में मानव श्रृंखला बनाकर नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया। युवाओं ने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “स्वस्थ युवा–समृद्ध भारत” और “नशामुक्त भारत, विकसित भारत” जैसे नारों के माध्यम से जन-जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी बुराइयों से स्वयं भी दूर रहें और समाज के अन्य लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि देश का युवा यदि अपनी शक्ति को सकारात्मक दिशा में लगाएगा तो विकसित भारत का लक्ष्य शीघ्र साकार होगा।

मुख्य अतिथि सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने कहा कि नशे की लत केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को तबाह कर देती है। अनेक युवा नशे के कारण अपने सपनों और भविष्य को खो देते हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, कौशल विकास, नवाचार और राष्ट्र सेवा में लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक युवा समाज में नशामुक्ति का संदेशवाहक बने।

एमआईटी के निदेशक डॉ. के.एल.ए. खान ने युवाओं द्वारा गठित नशा मुक्ति क्लब का उद्घाटन किया तथा क्लब के सदस्यों को संस्थान का नशा मुक्ति ब्रांड एंबेसडर घोषित किया। उन्होंने कहा कि क्लब के माध्यम से नियमित रूप से जागरूकता अभियान, कार्यशालाएं, संवाद कार्यक्रम और जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा सके।

जिला युवा अधिकारी यशवंत यादव ने कहा कि माय भारत के स्वयंसेवक पूरे जनपद में इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देंगे। उन्होंने युवाओं से खेल, शिक्षा, सामाजिक सेवा और रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया तथा कहा कि स्वस्थ और जागरूक युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी युवाओं ने जीवनभर नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। आयोजन के सफल संचालन में माय भारत के स्वयंसेवक संदीप कुमार, निशु, दीपांशी, कहकशा सहित डॉ. संजय माथुर, संस्थान के शिक्षकगण एवं स्वयंसेवकों का विशेष सहयोग रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button