ग़ाज़ियाबाद

प्लॉट विवाद को लेकर दो पक्षों में हंगामा

वेलकम इंडिया

गाजियाबाद। खोड़ा कॉलोनी में सोमवार को एक प्लॉट विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर हंगामा हुआ। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने बुलाकर मामला शांत कराया। घटना लोकप्रिया विहार कॉलोनी के हाईवे किनारे करोड़ों की खाली पड़ी संपत्ति की है। सोमवार को कुछ लोग बुलडोजर लेकर पहुंचे और एक प्लॉट की दीवार को क्षतिग्रस्त करने लगे। जब दूसरे पक्ष को इसकी जानकारी मिली, तो वे भारी संख्या में मौके पर पहुंच गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मामले में एक पक्ष के पवन कुमार, पृथ्वी सिंह और उमाकांत शर्मा हैं, जबकि दूसरे पक्ष के रफीक मलिक और शमसुद्दीन हैं। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि पवन कुमार एक भूमाफिया है, जिसका एक बड़ा गैंग है। वह अपने साथियों के साथ मिलकर खाली जमीनों पर कब्जा करता है। इससे पहले भी उन्होंने कई लोगों की संपत्तियों पर अवैध कब्जा किया हुआ है। रफीक मलिक ने आरोप लगाते हुए कहा कि पवन कुमार, पृथ्वी सिंह और उमाकांत शर्मा भ्रष्ट अधिकारियों के साथ मिलकर गरीबों की जमीनों पर कब्जा करते हैं। यह लोग दबंग प्रवृत्ति के हैं, लेकिन हम अपनी जमीन पर कब्जा नहीं होने देंगे। उमाकांत शर्मा ने कहा कि यह प्लॉट हमारा है, जिसका खसरा नंबर 1227 है। कोर्ट ने हमारे पक्ष में फैसला दिया है, इसलिए हमने कब्जा लेने की कोशिश की। लेकिन दूसरा पक्ष इसे अपनी संपत्ति बता रहा है, इसलिए हमने पुलिस को सूचना दी। हमारे पास जमीन से संबंधित सभी वैध दस्तावेज हैं। मोहम्मद इश्हाक ने कहा कि पवन कुमार और उनके साथी फर्जी दस्तावेज तैयार कर कब्जा करने की फिराक में रहते हैं। यह जमीन दशकों से रफीक मलिक और शमसुद्दीन की है। व्यापारी अनुज गुप्ता ने भी पवन कुमार और उनके गैंग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने मेरे 7 प्लॉटों पर भी अवैध कब्जा कर रखा है। यह लोग दबंग किस्म के हैं और पुलिस व भ्रष्ट अधिकारियों की मदद से सीधे-साधे लोगों की जमीनें हड़पते हैं। खोड़ा पुलिस के अनुसार, प्लॉट विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों को थाने बुलाकर अपना-अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया है। मामले की जांच की जा रही है। हाल के महीनों में गाजियाबाद में प्रॉपर्टी विवादों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। लोगों का कहना है कि जिले में फिर से भूमाफियाओं के गैंग सक्रिय हो गए हैं। पुलिस की निष्क्रियता से इनकी हिम्मत बढ़ती जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button