जेपी नड्डा बोले: सिर्फ नारे लगाता रहा विपक्ष, पीएम मोदी 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला

नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं, किसानों और वंचित वर्गों को सशक्त किया है और 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष सिर्फ नारे लगाता रहा, जबकि असली काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने रविवार को कहा कि (नरेंद्र) मोदी सरकार ने महिलाओं, किसानों और वंचित वर्गों को असल मायनों में सशक्त किया है, जबकि विपक्षी पार्टियां केवल नारे लगाते रहे। नड्डा नई दिल्ली में ‘एकात्म मानववाद’ पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के व्याख्यानों के 60 साल पूरे होने पर आयोजित एक राष्ट्रीय संगोष्ठी के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कई अहम कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया गया है। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज मिला है। सरकार ने 10 करोड़ से ज्यादा घरों में रसोई गैस कनेक्शन, 12 करोड़ शौचालय और 4 करोड़ पक्के घर बनवाए हैं।