पीएम सूर्य घर योजना में लोन लंबितता पर सीडीओ सख्त-पीएनबी और केनरा बैंक को दो दिन में पेंडेंसी खत्म करने के निर्देश

गाजियाबाद। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत लंबित बैंक ऋण मामलों को लेकर गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की अध्यक्षता में बैंक डीसी, एलडीएम तथा शाखा प्रबंधकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना से संबंधित लोन पेंडेंसी, रिजेक्शन दर तथा स्वीकृत ऋणों के वितरण में देरी पर विस्तार से चर्चा की गई। समीक्षा के दौरान सीडीओ ने पंजाब नेशनल बैंक एवं केनरा बैंक की प्रगति पर कड़ी नाराज़गी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का निस्तारण दो कार्यदिवस के भीतर हर हाल में किया जाए। उन्होंने स्वीकृत ऋणों के बावजूद लंबित पड़े वितरण मामलों को गंभीर लापरवाही बताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एलडीएम द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार पंजाब नेशनल बैंक में अब तक 1193 ऋण आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 515 आवेदन निरस्त किए गए, 88 लंबित हैं तथा 588 स्वीकृत हुए। स्वीकृत आवेदनों में से 92 मामलों में ऋण वितरण अभी तक नहीं किया गया है। इसी प्रकार केनरा बैंक में 704 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 301 निरस्त, 101 लंबित तथा 301 स्वीकृत हैं। स्वीकृत मामलों में से 94 आवेदनों में अब तक वितरण नहीं हुआ है। सीडीओ ने उच्च रिजेक्शन दर पर कड़ी आपत्ति जताते हुए निर्देश दिए कि जिन आवेदनों में दस्तावेजों की कमी है, उनकी जानकारी डीसी के माध्यम से पीओ नेड़ा गाजियाबाद को उपलब्ध कराई जाए, ताकि उपभोक्ता एवं संबंधित विक्रेता आवश्यक दस्तावेजों के साथ पुन: बैंक शाखा पहुंच सकें। इसी प्रकार जिन लंबित आवेदनों पर पर्याप्त अभिलेखों के अभाव में निर्णय नहीं लिया जा पा रहा है, उनकी सूचना भी तत्काल जिला समन्वयकों को दी जाए, जिससे समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में पीओ नेड़ा को निर्देशित किया गया कि एलडीएम एवं जिला समन्वयकों के साथ समन्वय स्थापित कर पीएम सूर्य घर योजना के लंबित ऋण मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही अधिक लंबित मामलों वाले बैंकों की साप्ताहिक समीक्षा मुख्य विकास अधिकारी स्तर पर कराए जाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध रूप से पहुंच सके।



