शिक्षक के बहाल न होने पर संघ करेगा आंदोलन

मथुरा। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ जनपद मथुरा के प्रतिनिधि मंडल ने विकासखंड नौहझील के प्रधानाध्यापक जान मोहम्मद को निलंबित किए जाने के विरोध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मथुरा श्रीमती रतन कीर्ति को ज्ञापन सौंपकर अवगत कराया कि जान मोहम्मद पर लगाए गए सभी आरोप एकतरफा एवं सत्यता से परे हैं उनके द्वारा विद्यालय में विगत कई वर्षों से लगातार सेवा की जा रही है ।लेकिन उनके विरुद्ध किसी भी प्रकार की कोई शिकायत पूर्व में प्राप्त नहीं हुई है ।उन्होंने सीमा सुरक्षा बल में भी 12 वर्ष तक अपनी सेवाएं पूर्ण देशभक्ति एवं ईमानदारी से दी है । संघ को विद्यालय में कार्यरत अन्य अध्यापकों छात्रों अभिभावकों ने अवगत कराया है कि उन पर एक तरफा कार्यवाही में किसी जांच को किए बिना की गई है जो कि नैसर्गिक न्याय के सर्वदा विपरीत है ।
संघ ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए अपने ज्ञापन में मांग की है कि जान मोहम्मद प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय नौहझील विकासखंड नौहझील को अग्रिम तीन कार्य दिवस में बहाल नहीं किया गया तो शिक्षक संघ आंदोलन हुए बाध्य होगा । प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र सारस्वत ,जिला अध्यक्ष अतुल सारस्वत ,जिला महामंत्री लक्ष्मी नारायण ,जिला कोषाध्यक्ष मनोज शर्मा, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार, जिला मीडिया प्रभारी अरविंद शर्मा, बलदेव ब्लॉक के संरक्षक राजकुमार शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मथुरा श्रीमती रतन कीर्ति ने संघ को आश्वस्त किया है कि संघ के दिए गए समय के अंतर्गत ही दो दिन में उक्त प्रकरण का पटाक्षेप कर दिया जाएगा शिक्षक का उत्पीड़न नहीं होगा।



