जम्मू कश्मीर- हिमाचल में हिमपात और वर्षा से बदला मौसम

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर,हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मंगलवार को मौसम के मिजाज बदले बदले से रहे। तीनों ही राज्यों के पर्वतीय इलाकों में हिमपात और वर्षा हुई। जनवरी और फरवरी में हुई कम बर्फबारी और वर्षा के बीच इससे कुछ राहत मिली है। अगले तीन से चार दिन तीनों राज्यों में हिमपात और वर्षा जारी रहने का मौसम विभाग का पूवार्नुमान है। कश्मीर में मंगलवार को ऊंचे पर्वतीय इलाकों में हिमपात जबकि मैदानी क्षेत्रों में वर्षा हुई। जम्मू में भी पूरे दिन रुक-रुक कर वर्षा होती रही। इससे दिन का तापमान कई डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग के अनुसार मार्च की शुरूआत में भी बादल छाये रहने और हल्के हिमपात व वर्षा होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भूस्खलन और हिमस्खलन होने की भी आशंका है। इससे यातायात प्रभावित हो सकता है। हिमाचल प्रदेश के रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा दर्रे में मंगलवार को आधा फीट तक हिमपात हुआ। राजधानी शिमला व कांगड़ा सहित कई स्थानों पर हल्की वर्षा हुई। हिमपात व वर्षा के कारण प्रदेश में शीतलहर फिर से बढ़ गई है। अधिकतम तापमान में 11 डिग्री तक की गिरावट आई है। मौसम विभाग ने 26 फरवरी से पहली मार्च तक भारी हिमपात व वर्षा की चेतावनी दी है। इसके कारण यातायात व अन्य सेवाएं प्रभावित होने की संभावना भी जताई गई है। उधर उत्तराखंड के ज्यादातर पर्वतीय क्षेत्रों में बादल मंडराने के साथ ही हल्की बूंदाबांदी और हिमपात का दौर शुरू हो गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में देर शाम बदरीनाथ, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब समेत अन्य चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ जबकि, देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में भी आंशिक बादलों के बीच धूप भी खिली रही।