निगम द्वारा विशेष पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन

वेलकम इंडिया
गाजियाबाद। अंतर्राष्ट्रीय वन दिवस (21 मार्च) और विश्व जल दिवस (22 मार्च) के अवसर पर शुक्रवार को गाजियाबाद नगर निगम द्वारा विशेष पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस क्रम में मोरटा स्थित तालाब पर नगर निगम की ओर से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने पौधे रोपे। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र, प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता जल कामाख्या प्रसाद आनंद, प्रभारी प्रकाश आश कुमार, स्थानीय पार्षदगण और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस मौके पर महापौर सुनीता दयाल ने शहरवासियों को 13वें अंतर्राष्ट्रीय वन दिवस और 32वें विश्व जल दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जल संरक्षण और हरियाली बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए नागरिकों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की। महापौर ने कहा, धरा को हरा-भरा बनाए रखने के लिए पौधारोपण के साथसाथ जल संरक्षण भी बेहद जरूरी है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि स्वच्छ नदियों और तालाबों से ही स्वच्छ वातावरण का निर्माण संभव है। उन्होंने नगर निगम की टीम को सभी तालाबों और जल स्रोतों के आसपास सघन वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए। इस अभियान के तहत पीपल, फाइकस जैसे छायादार पौधे और फलदार पौधे रोपे गए। महापौर द्वारा छायादार और नगर आयुक्त द्वारा फलदार पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों को भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। नगर आयुक्त ने जानकारी दी कि गाजियाबाद नगर निगम द्वारा पिछले 2-3 वर्षों में लगभग 4 लाख पौधे लगाए गए हैं और यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इसके तहत तालाबों और नदियों के किनारे सघन वृक्षारोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही पर्यावरण को संरक्षित रखा जा सकता है और आने वाली पीढियों के लिए बेहतर वातावरण बनाया जा सकता है।