देश-दुनिया

पहाड़ों पर बर्फबारी से रास्ते हुए बंद

हिमाचल प्रदेश की निचली पहाड़ियो में तीव्र शीत लहर चल रही है। स्थानीय मौसम विभाग ने सोमवार से चार दिनों के लिए बिलासपुर, ऊना, हमीरपुर और मंडी जिलों में गंभीर ठंड के लिए आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में भी हल्की बारिश से तापमान गिरा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में इन राज्यों में तापमान और गिरने का अनुमान लगाया है। जम्मू-कश्मीर,लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हिमपात के कारण कई जगहों पर तापमान लगातार जमाव बिंदु से नीचे बना हुआ है। पहाड़ी राज्यों में क्रिसमस से पहले हिमपात होने से पर्यटकों में उत्साह बढ़ गया है। हालांकि स्थानीय जनजीवन इसके कारण प्रभावित भी हो रहा है। मंगलवार को भी पूरी कश्मीर घाटी में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना रहा। सोमवार रात को पहलगाम का न्यूनतम तापमान माइनस 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा और यह कश्मीर का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। श्रीनगर में भी पारा माइनस 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, लेकिन जम्मू में दिन में कुछ राहत है। सोमवार को माता वैष्णो देवी के त्रिकुटा पर्वत पर हल्का हिमपात हुआ था। इधर दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में हिसार और राजस्थान में चुरू राज्य में सबसे ठंडे स्थान रहे। हिमाचल में शिमला सहित ऊंचे क्षेत्रों में मंगलवार को भी हिमपात हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button