ब्रिटेन में भारतीय उच्चायोग के सामने जुटे भारतीय

लंदन। लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग के सामने गुरुवार को बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग जुटे। खालिस्तान समर्थकों और पाकिस्तानियों के प्रदर्शन के जवाब में भारतवंशियों ने भारत के समर्थन में एकजुटता का संदेश दिया। प्रवासी भारतीयों ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की। फ्रेंड्स आफ इंडिया सोसाइटी इंटरनेशनल (एफआइएसआइ) यूके ने कहा, यह प्रदर्शन खालिस्तान समर्थक विरोध प्रदर्शन के जवाब में किया गया। प्रवासी भारतीय समुदाय के सदस्य भारत की एकता और संप्रभुता के लिए अपना समर्थन व्यक्त करने के लिए बड़ी संख्या में एकत्र हुए। उन्होंने शांति का संदेश देने के लिए तिरंगा लहराते हुए ‘जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ जैसे नारे लगाए।इससे पहले रविवार को लंदन में भारतीय उच्चायोग के बाहर भारत और पाकिस्तान समर्थकों ने प्रदर्शन किया था। भारतवंशियों ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर शुक्रवार को पाकिस्तान दूतावास के बाहर प्रदर्शन किया था।