समंदर में निकल जाएगी दुश्मन की हेकड़ी…नौसेना को जल्द मिल सकते हैं 26 राफेलएम लड़ाकू विमान

नई दिल्ली। नौसेना को 26 राफेल-एम लड़ाकू विमान जल्द मिल सकते हैं। नौसैनिक ताकत को और बढ़ाने के लिए नौसैनिक वर्जन के 26 राफेल लड़ाकू विमान और तीन स्कार्पीन पनडुब्बियों की खरीद के लिए भारत अगले कुछ हμतों में फ्रांस के साथ करार कर सकता है। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगले महीने होने वाली पेरिस यात्रा के दौरान खरीद की घोषणा की जाएगी या नहीं। पीएम मोदी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस संबंधी शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए पेरिस जाएंगे। 10 और 11 फरवरी को होने वाले शिखर सम्मेलन से इतर मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच द्विपक्षीय वार्ता होने की उम्मीद है। इस मामले से परिचित लोगों ने गुरुवार को बताया कि इन दो करारों पर वार्ता अंतिम चरण में हैं। सुरक्षा पर कैबिनेट समिति (सीसीएस) को इस पर विचार करना है। रक्षा मंत्रालय ने जुलाई 2023 में फ्रांस से 22 राफेल (नौसैनिक वर्जन) लड़ाकू विमान की खरीद को मंजूरी दी थी। भारत स्वदेशी विमान वाहक आइएनएस विक्रांत पर तैनाती के लिए इन लड़ाकू विमानों को खरीदना चाहता है।