ग़ाज़ियाबाद

राजनगर एक्सटेंशन की ब्लूमून सोसायटी में संदिग्ध हालात में युवक की मौत 

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित ब्लूमून सोसायटी में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक की ऊंचाई से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय रघुकुल तिलक के रूप में हुई है, जो दुबई की एक लॉजिस्टिक कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और कंपनी के नोएडा स्थित कार्यालय में नौकरी कर रहे थे। पुलिस शुरुआती जांच में मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, हालांकि अभी किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के अनुसार घटना सोमवार सुबह करीब 10 बजे की है। सूचना मिलते ही नंदग्राम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ, जिससे मौत के कारणों को लेकर रहस्य और गहरा गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि रघुकुल तिलक मूल रूप से जौनपुर के निवासी थे और पिछले करीब ढाई वर्षों से राजनगर एक्सटेंशन की ब्लूमून सोसायटी के सी-टॉवर में अपने पिता तरुण कुमार सिंह और माता अनुपमा के साथ रह रहे थे। उनके पिता जीडीए से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। सोमवार सुबह रघुकुल रोज की तरह करीब साढ़े नौ बजे घर से ऑफिस जाने के लिए निकले थे।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि वह पहले अपने सी-टॉवर से नीचे उतरे और लगभग 10 से 15 मिनट तक परिसर में ही रुके रहे। इसके बाद वह सोसायटी के ई-टॉवर की ओर गए। कुछ देर बाद अचानक ऊंचाई से गिरने की तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर सोसायटी के निवासी मौके पर पहुंचे, लेकिन अधिक ऊंचाई से गिरने के कारण रघुकुल की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
सोसायटी निवासी अमृत के अनुसार तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर लोग बाहर निकले और युवक को जमीन पर पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच में सबसे बड़ी चुनौती सोसायटी में सीमित सीसीटीवी कैमरे होना बन रहा है। पुलिस के मुताबिक कैमरों की संख्या कम होने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रघुकुल ई-टॉवर तक कैसे पहुंचे और वह किस मंजिल से गिरे। फिलहाल उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है, जिसे जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा जा रहा है। साथ ही कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) भी निकलवाया जा रहा है ताकि घटना से पहले उनकी गतिविधियों और संपर्कों की जानकारी मिल सके। जांच में यह भी सामने आया है कि रघुकुल की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी, लेकिन आपसी विवाद के चलते वह पिछले तीन वर्षों से पत्नी से अलग रह रहे थे। करीब छह माह पहले दोनों का तलाक हो चुका था। पुलिस इस व्यक्तिगत पहलू को भी जांच के दायरे में शामिल कर रही है। हालांकि परिजनों ने पुलिस को बताया है कि रघुकुल किसी प्रकार के मानसिक तनाव में नहीं थे और सामान्य रूप से खुशमिजाज रहते थे। ऐसे में उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित एंगल-आत्महत्या, दुर्घटना या अन्य कारणों-को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। एसीपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button