ग़ाज़ियाबाद

राजनगर एक्सटेंशन की सोसायटी में फ्लैट में भीषण आग, फायर टीम की तत्परता से टली जनहानि

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित क्लासिक रेसिडेंसी सोसायटी में शुक्रवार दोपहर अचानक फ्लैट में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलकर पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले गई और देखते ही देखते इलाके में धुएं का गुबार छा गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। दमकल विभाग के अनुसार 3 अप्रैल 2026 को दोपहर 1 बजकर 21 मिनट पर एमडीटी 1487 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि राजनगर एक्सटेंशन की क्लासिक रेसिडेंसी सोसायटी के डीएम-4 ब्लॉक स्थित फ्लैट नंबर 201 में आग लगी है। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन कोतवाली से अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में दो फायर टेंडर और एक वाटर ब्राउज़र तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि फ्लैट के किचन और बेडरूम में आग लगी हुई थी, जो घरेलू सामान के कारण तेजी से फैल रही थी। सोसायटी में लगे अग्निशमन उपकरणों से शुरुआती प्रयास किए गए, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण उसे नियंत्रित नहीं किया जा सका। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के नेतृत्व में फायर सर्विस यूनिट ने तत्काल दो हौज पाइप लाइन फैलाकर पंपिंग शुरू की और व्यवस्थित तरीके से आग बुझाने का अभियान चलाया। दमकल कर्मियों ने प्राथमिकता के आधार पर आग को आसपास के फ्लैटों तक फैलने से रोका, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। करीब आधे घंटे की कार्रवाई के बाद आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया गया। आग लगने से पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया था, जिससे सोसायटी में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बन गया, हालांकि दमकल टीम की तेज कार्रवाई से स्थिति जल्द सामान्य हो गई। दमकल विभाग ने आग बुझाने के बाद फ्लैट से बरामद दो सोने के कड़े, एक अंगूठी तथा महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित निकालकर फ्लैट स्वामी मुकुल निगम पुत्र राकेश निगम को सुपुर्द किए। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद फायर सर्विस यूनिट वापस फायर स्टेशन कोतवाली लौट गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि समय पर सूचना और दमकल कर्मियों की सतर्कता के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों और सोसायटी निवासियों ने भी दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई और साहसिक प्रयासों की सराहना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button