उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के स्वागत में बेबी रानी मौर्य रहीं अगुवा, जीआईसी मैदान में आज ऐतिहासिक जनसभा

वेलकम इंडिया
आगरा। लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में ताजनगरी में आज एक ऐतिहासिक जनसभा का आयोजन किया जा रहा है। जीआईसी मैदान में हो रही इस भव्य सभा में देश और प्रदेश की कई नामचीन राजनीतिक हस्तियां शिरकत कर रही हैं। जनसभा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था से लेकर स्वागत की तैयारियों तक प्रशासन और आयोजक समिति ने विशेष प्रबंध किए हैं। जनसभा से पहले देश के उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विशेष विमान रविवार सुबह आगरा एयरपोर्ट पर उतरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपराष्ट्रपति से पहले ही एयरपोर्ट पहुंच चुके थे। इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहीं। एयरपोर्ट पर जैसे ही उपराष्ट्रपति धनखड़ का आगमन हुआ, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने बुके भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री और उपराष्ट्रपति के साथ कुछ देर तक बंद कक्ष में अनौपचारिक चर्चा भी हुई, जिसमें प्रदेश से जुड़ी कई अहम योजनाओं और कार्यक्रमों पर वातार्लाप हुआ। बाद में मीडिया से बातचीत में बेबी रानी मौर्य ने कहा कि “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का आगरा की ऐतिहासिक धरती पर एक साथ आगमन हम सभी के लिए गर्व का विषय है। दोनों ही व्यक्तित्व देश और प्रदेश के विकास के लिए असाधारण कार्य कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन से आज की पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है। जनसभा स्थल पर हजारों की संख्या में लोग लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की स्मृति में जुटे हैं। आयोजन को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। सभा में सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक विषयों पर वक्तव्य और प्रस्तुतियां प्रस्तावित हैं। आगरा वासियों के लिए यह दिन ऐतिहासिक यादों में दर्ज होने जा रहा है।