डीएम ने किया कलेक्ट्रेट का निरीक्षण

वेलकम इंडिया
गाजियाबाद। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों में स्वच्छता की स्थिति, अभिलेखों की व्यवस्थितता तथा विभिन्न विभागों में प्रयोग हो रहे संसाधनों का गहन अवलोकन किया। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालय परिसर को हर हाल में स्वच्छ और व्यवस्थित रखा जाए। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि जिन वस्तुओं को अनुपयोगी समझा जाता है, उन्हें अनावश्यक रूप से नष्ट करने के बजाय दोबारा उपयोग योग्य बनाने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुव्यवस्थित कार्यस्थल न केवल कार्य की गुणवत्ता में वृद्धि करता है, बल्कि यह एक सकारात्मक वातावरण का निर्माण भी करता है। डीएम ने सभी कर्मचारियों से सहजता के साथ संवाद किया और कार्यालय की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावशाली बनाने के सुझाव साझा किए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी को अपने कार्य दायित्वों की पूर्ण जानकारी होनी चाहिए और उसी के अनुरूप अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक विभाग अपने स्तर पर यह सुनिश्चित करे कि किसी भी प्रकार से सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग न हो और सरकारी संपत्तियों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कलेक्ट्रेट कार्यालय को एक आदर्श कार्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा। निरीक्षण के समय अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रणविजय सिंह, अपर जिलाधिकारी (भूमि अध्याप्ति) विवेक मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट डॉ. सन्तोष कुमार उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।