अनुराग कश्यप के विवादित बयान पर विशाल आपातकालीन बैठक का आयोजन

वेलकम इंडिया
गाजियाबाद। राजनगर स्थित दुर्गा टावर आरडीसी में विश्व ब्रह्मऋषि ब्राह्मण महासभा के तत्वाधान में रविवार को एक विशाल आपातकालीन बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप द्वारा ब्राह्मण समाज को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान के विरोध में रणनीति बनाना और एकजुट स्वर में विरोध प्रकट करना था। बैठक में महासभा के पीठाधीश्वर ब्रह्मऋषि विभूति बीके शर्मा हनुमान ने अनुराग कश्यप के बयान को ब्राह्मण समाज का गंभीर अपमान करार देते हुए सख्त शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा, अनुराग कश्यप ने ब्राह्मणों के खिलाफ बयान देकर अपनी संकीर्ण सोच और संस्कारों की झलक दिखाई है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्होंने यह भी नहीं सोचा कि उनके शब्दों का बच्चों और महिलाओं पर क्या असर होगा। उनका बयान न सिर्फ आपत्तिजनक है बल्कि समाज में वैमनस्य फैलाने वाला भी है। बीके शर्मा ने कहा कि ब्राह्मणों ने सदा से समाज और देश को ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन प्रदान किया है। गुरुकुल परंपरा से लेकर स्वतंत्रता संग्राम और आधुनिक युग तक ब्राह्मणों का योगदान अतुलनीय रहा है। उन्होंने बताया कि ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले जैसे समाज सुधारकों को ब्राह्मणों का भरपूर समर्थन मिला था। सत्यशोधक समाज की नींव में भी ब्राह्मणों का योगदान रहा है। उन्होंने अनुराग कश्यप पर तीखा हमला करते हुए कहा कि घटिया सोच वाले लोग ही ऐसी फिल्में बनाते हैं और वैसा ही बोलते हैं। लेकिन उनके बयानों से ब्राह्मणों की महानता पर कोई फर्क नहीं पडे वाला। बैठक में अनुराग कश्यप के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठी और यह निर्णय लिया गया कि इस मुद्दे को पूरे देश में उठाया जाएगा ताकि कोई भी व्यक्ति किसी समाज या जाति का अपमान करने की हिम्मत न करे। बैठक में सैकड़ों ब्राह्मण समाज के प्रमुख लोग उपस्थित थे, जिनमें महेश शर्मा, रविंद्र शर्मा, बृजपाल शर्मा, आरसी शर्मा, देवेंद्र शर्मा, कुमार देवाशीष ओझा, शिव कुमार शर्मा, सुभाष शर्मा, विनीत कुमार शर्मा, सचिन भारतीय, अंकित शर्मा, कार्तिक शर्मा सहित कई गणमान्य सदस्य शामिल रहे।