8 मार्च को दिल्ली में यूजीसी रोल बैक महाआंदोलन’ का ऐलान, डॉ राज शेखावत की मथुरा से हुंकार

– 10 सूत्रीय मांगों को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट को सोपा ज्ञापन, डीएम कार्यालय मथुरा पर हुआ हनुमान चालीसा का पाठ
मथुरा। स्वर्ण समाज समन्वय समिति (एस4) ने यूजीसी रेगुलेशन–2026 के विरोध में 8 मार्च 2026 को दोपहर 12 बजे दिल्ली के रामलीला मैदान में “यूजीसी रोल बैक महाआंदोलन” आयोजित करने की घोषणा की है। संगठन का कहना है कि नए नियम संविधान, सामाजिक समरसता और शिक्षा व्यवस्था के लिए चिंताजनक हैं।
मथुरा पहुंचे क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत ने प्रेस वार्ता कर आंदोलन का औपचारिक ऐलान किया। उन्होंने यूजीसी के नए प्रावधानों की तीखे शब्दों में आलोचना करते हुए कहा कि ये नियम शिक्षा में असंतुलन पैदा करेंगे और व्यापक स्तर पर असंतोष को जन्म देंगे। शेखावत ने सरकार को दो-टूक चेतावनी देते हुए नियमों को तत्काल वापस लेने की मांग की।
डॉ. शेखावत अपने काफिले के साथ मथुरा जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां डीएम की अनुपस्थिति को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। अंततः सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर संगठन ने अपनी मांगें औपचारिक रूप से दर्ज कराईं।
संगठन का कहना है कि 8 मार्च का महाआंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया जाएगा। समिति ने सरकार से यूजीसी रेगुलेशन 2026 को पूर्ण रूप से वापस लेने की मांग की है और मीडिया से अपील की है कि इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाए।
अब निगाहें 8 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित महाआंदोलन पर टिकी हैं, जहां बड़ी संख्या में लोगों के जुटने का दावा किया जा रहा है।
इस अवसर पर क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ राज शेखावत, मंडल अध्यक्ष गोविंद राघव, जिलाध्यक्ष ठाकुर विजयपाल सिंह, संगठन मंत्री कुंवर विष्णु सिंह राजपूत, जिला उपाध्यक्ष बॉबी चौहान, सतपाल राजपूत, नमन ठाकुर, विपिन ठाकुर, गौ सेवक योगी राजपूत, दाताराम चौहान, विष्णु हिन्दुस्तानी, मीडिया प्रभारी बाबू सिंह जादौन, नेहा गौतम, विधानसभा उपाध्यक्ष तमन्ना किन्नर (किन्नर प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष) तथा क्षत्रिय करणी सेना सनातन प्रकोष्ठ मथुरा के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में आदि मौजूद रहे।



