
-कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों को यातायात नियमों व साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक;
-कोतवाल ने की राहवीर योजना’ का भागीदार बनने की अपील।
बागेश्वर, गोविन्द मेहता,पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के कुशल निर्देशन में जनपद में ’36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह’ के तहत 16 जनवरी से 14 फरवरी 2026तक व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बागेश्वर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा कांडा टैक्सी स्टैंड एवं विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर आम जनमानस को सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया। कोतवाल एवं पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों एवं वाहन चालकों से संवाद कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की गई।लोगो को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करने, शीतकाल में घने कोहरे और पाले के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षित ड्राइविंग, कम गति और यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया गया। नशे की हालत में गाड़ी ना चलाने, नशे के घातक दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करते हुए नशा मुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया गया। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग कदापि नही करने,सड़क दुर्घटना होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचित करने,दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद कर राज्य सरकार की ‘राहवीर योजना’ का हिस्सा बनने की अपील की गई। जिसके तहत मदद करने वाले व्यक्ति को पुरस्कृत किया जाता है।यातायात नियमों के साथ-साथ पुलिस द्वारा ग्रामीणों को वर्तमान में बढ़ते साइबर अपराधों (जैसे- ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट) से बचने के तरीके भी सिखाए गए। ग्रामीणों को सलाह दी गई कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी या बैंक विवरण साझा न करें। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि नागरिकों के भीतर सुरक्षा की भावना विकसित करना है।उन्होंने आमजन से अपील करती है कि सड़क संकेतों का पालन करें और अपने अमूल्य जीवन की रक्षा करें।




