हाउस टैक्स को लेकर जनता के साथ खड़ी है भाजपा: सुनीता दयाल

-जनता के हितों की रक्षा करना हमारा कर्तव्य, सही टैक्स निर्धारण में करें सहयोग
-मुख्यमंत्री को प्रणाम कर जताया आभार, शहरवासियों से दस्तावेज़ के साथ जोनल कार्यालय पहुंचने की अपील
गाजियाबाद। शहर में हाउस टैक्स को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच महापौर सुनीता दयाल ने स्पष्ट किया है कि भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से जनता के साथ खड़ी है और जनता के हितों की रक्षा करना ही पार्टी का प्रमुख कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि हाउस टैक्स का निर्णय लिया जा चुका है, लेकिन इसके क्रियान्वयन के दौरान आम नागरिकों की सुविधाओं और हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
महापौर ने शहर की जनता से अपील करते हुए कहा कि गृहकर की सही और पारदर्शी गणना के लिए नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोग अपने भवन से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज और भवन की फोटो लेकर अपने-अपने जोनल कार्यालय पहुंचें, ताकि हाउस टैक्स की सही गणना की जा सके और किसी भी प्रकार की गलतफहमी या त्रुटि से बचा जा सके। महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि नई व्यवस्था को पूरी तरह लागू होने में कुछ समय लग सकता है। इस दौरान यदि किसी मकान के टैक्स निर्धारण में किसी प्रकार का अंतर सामने आता है, तो उसे आगामी वर्षों में समायोजित कर दिया जाएगा, ताकि किसी भी नागरिक के साथ अन्याय न हो। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम के सभी जोनों में प्रयास किया जाएगा कि योग्य और जिम्मेदार अधिकारियों की तैनाती की जाए, जिससे जनता को बेहतर सेवा और संतोषजनक समाधान मिल सके। इस कार्य में नगर निगम के पार्षद भी सक्रिय सहयोग करेंगे, ताकि शहरवासियों की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। अंत में महापौर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को प्रणाम करते हुए उनका आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके मार्गदर्शन में शहर के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग से हाउस टैक्स की नई व्यवस्था को सफलतापूर्वक लागू किया जा सकेगा और शहर के विकास को नई गति मिलेगी।



