समस्त जर्जर भवनों को हटाए, सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करे- मण्डलायुक्त
– लठामार होली को लेकर बरसाना स्थिति सभागार में हुई प्रशासन की बैठक
मथुरा। तहसील गोवर्धन के अंतर्गत नगर पंचायत बरसाना में आयोजित विश्व प्रसिद्ध लडडू होली एवं लठामार होली की तैयारियों के संबंध में बरसाना स्थित लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन सभागार में अपर पुलिस महानिदेशक श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ, मंडलायुक्त नागेन्द्र प्रताप, पुलिस उप-महानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। 24 फरवरी को बरसाना में लडडू होली, 25 फरवरी को बरसाना में लठामार होली तथा 26 फरवरी को नन्दगाँव में लठामार होली की व्यवस्थाओं के संबंध समीक्षा हुई।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने अवगत कराया कि बरसाना को 7 जोन व 18 सेक्टर में विभाजित किया गया है। बरसाना हेतु 56 पार्किंग स्थल तथा 94 बैरियर बनाए जा रहे है। 13 स्थलों पर स्वास्थ्य केंद्र तथा 05 दो पहिया एम्बुलेंस लगाई जाएंगी। बरसाना में 5 वॉचटावर तथा 5 स्थानों पर अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
अपर पुलिस महानिदेशक श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने सख्त निर्देश दिए कि सोशल मीडिया पर पैनी नजर बनाए रखे, 24 घंटे सोशल मीडिया पर निगरानी सुनिश्चित करे तथा अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों, स्वास्थ्य कर्मियों, विद्युत कर्मियों आदि के पास जारी करे तथा उन्हें यूनीक ड्रेस दी जाए, जिससे आसानी से उक्त कर्मचारी पहचान में आ जाए। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि आवारा पशुओं को पकड़े तथा निराश्रित गौवंशों को गौशालाओं में पहुंचाए। उन्होंने सभी पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी अपने व्यवहार में विनम्र, सरल एवं सहज रहे। उन्होंने निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप ने निर्देश दिए कि समस्त जर्जर भवनों को हटाए, सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करे, नकली/गंदा/केमिकल युक्त रंग का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित करे, नकली/ गंदा /केमिकल युक्त रंग को बेचने वालों पर कार्यवाही सुनिश्चित करें। समस्त ई-रिक्शा का चिन्हीकरण करते हुए उन्हें निर्धारित रूट दिया जाए। उन्होंने कहा कि सभी पार्किंग में प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रैंप, साइनबोर्ड, पीए सिस्टम आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय ने भी कहा कि सभी कर्मचारी एवं अधिकारी श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं दर्शनार्थियों से विनम्र रहे। अपनी भाषा को मृदुल रखे तथा सेवा-भाव से ड्यूटी का निर्वहन करे। उन्होंने कहा कि होटल एवं पार्किंग संचालकों के साथ बैठक करे। होटल एवं पार्किंग संचालक सभी श्रद्धालुओं से आग्रह करे कि वे अपने जूता-चप्पल होटल या अपनी गाड़ी में उतार कर दर्शन हेतु जाए, क्योंकि दर्शन हेतु एकल मार्ग की व्यवस्था है। नकली गुलाल बेचने वालों पर सख्त कार्यवाही सुनिश्चित करें तथा थाना प्रभारी बरसाना को निर्देश दिए कि कही पर भी नकली गुलाल नहीं बिकना चाहिए।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने अधिशासी अधिकारी बरसाना एवं मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रमुख मार्गों, गलियों एवं चौक की पेंटिंग, लाइटिंग एवं साज सज्जा की उत्कृष्ट व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मेला क्षेत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजनों, साज-सज्जा, प्रवेश द्वार, सेल्फी पॉइन्ट आदि का निर्माण एवं लाइव प्रसारण आदि की व्यवस्था ससमय सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जाए, होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें जागरूक करे तथा निर्देशित करे कि गुणवत्तापूर्ण मिष्ठान/भोजन/ अन्य सामग्री का प्रयोग करे। दूषित एवं मिलावटी प्रदार्थों को नष्ट कराए। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि किसी भी दुकान एवं रेस्टोरेंट संचालक का उत्पीड़न / शोषण नहीं होना चाहिए।
बैठक में अवगत कराया है कि रंगोत्सव 2026 के अन्तर्गत जनपद मथुरा के विभिन्न स्थलों पर प्रवेश द्वार की स्थापना की जा रहे है, जिसमें बरसाना में 05, नन्दगाँव में 04 तथा जनपद में कुल 23 द्वार बनाए जा रहे है। रंगोत्सव 2026 के अन्तर्गत जनपद मथुरा के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर 12 सेल्फी प्वाइंट की स्थापना की जा रही है, जिसमें बरसाना में 5 एवं नंदगांव में 2 सेल्फ़ी प्वाइंट बनाए जा रहे है।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने निर्देश दिए कि भंडारा लगाने वालों को सफाई हेतु निर्देशित किया जाए तथा उक्त स्थानों पर सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए। जगह-जगह पर कूडादान लगाए जाए। लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि कुंडो की बैरिकेडिंग तथा पुलिस बैरियर मजबूत बनाए जाए। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को सुदृढ़ साफ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उक्त मेला प्लास्टिक मुक्त मेला होना चाहिए। जिलाधिकारी ने हेलीपैड का कार्य ससमय पूर्ण करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसाना एवं नंदगांव के आस पास के अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखे, उनकी एम्बुलेंस को अलर्ट रखे तथा वहां के डॉक्टर्स के साथ बैठक करले।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने निर्देश दिए कि पार्किंगों हेतु दिशा सूचक चिन्ह लगाए जाए तथा अधिकारी भ्रमण करते हुए पार्किंगों में लाइट, पेयजल, शौचालय, रैंप, साइनबोर्ड आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करें। रोडवेज बसों का संचालन एकल मार्ग व्यवस्था में होना चाहिए। सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन एवं पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम को सुचारू रखते हुए सम्पूर्ण मेला क्षेत्र पर पैनी निगरानी सुनिश्चित करें। सक्रिय खोया पाया केंद्र एवं कंट्रोल रूम होना चाहिए।
बैठक में डीएफओ वेंकट श्रीकर पटेल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ0 पंकज कुमार वर्मा, एस पी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, एस पी यातायात मनोज कुमार, उप जिलाधिकारी गोवर्धन प्राजक्ता त्रिपाठी, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन धीरेंद्र प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



