सड़कों पर अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन

-सड़कों को कराया कब्जामुक्त
जहांगीराबाद। आगामी त्योहारों और कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने नगर की मुख्य सड़कों पर फैले अतिक्रमण के जाल के खिलाफ बुधवार को सख्त अतिक्रमण अभियान चलाया। कोतवाली प्रभारी संजेश कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने अनूपशहर बाईपास से शुरू होते हुए आहार बाईपास से लेकर मुख्य बाजार तक सड़कों पर पैदल मार्च कर अतिक्रमण हटवाया। अतिक्रमण के खिलाफ चलाये गए अभियान के दौरान सड़क को घेरकर खड़े वाहन चालकों, ठेले-फड़ लगाने वालों और अवैध कब्जेदारों को कड़ी चेतावनी भी दी गई। दुकानदारों द्वारा सड़क के किनारे फैला सामान हटवाया गया और भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की हिदायत दी गई। पुलिस की इस कार्रवाई से पूरे नगर में हड़कंप मचा रहा। कोतवाली प्रभारी संजेश कुमार ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। विशेष रूप से कांवड़ियों को आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सड़कों को चौड़ा व सुरक्षित बनाना प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट रुप से कहा कि सड़क सभी की है, लेकिन उस पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं नगर पालिका अधिशासी अधिकारी मणि जी सैनी ने कहा कि नगर पालिका भी अतिक्रमण को लेकर गंभीर है और जल्द ही नगर के अंदर व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों से अपील की कि वे स्वयं आगे आकर अतिक्रमण हटाएं और प्रशासन का सहयोग करें। अभियान के दौरान बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारु रही और पुलिस ने लोगों को नियमों का पालन करने का संदेश दिया। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अभियान के दौरान क्राइम इंस्पेक्टर मनोज त्यागी, उप निरीक्षक नीरज शर्मा, अंकुर गुप्ता, विशाल चौधरी, यतेंद्र शर्मा, विनेश कुमार, जितेंद्र कुमार, सनोज चौधरी, अशोक कुमार आदि मोजूद रहे।



