ग़ाज़ियाबाद

श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर भक्तों का जनसैलाब, जयकारों से गूंजा गाजियाबाद

वेलकम इंडिया

गाजियाबाद। ऐतिहासिक श्री दूधेश्वर नाथ महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। भगवान दूधेश्वर के जलाभिषेक एवं पूजन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचे। बुधवार को रात्रि 12 बजे से प्रारंभ हुआ जलाभिषेक पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। भक्तों की भीड़ इतनी अधिक थी कि मंदिर परिसर से बाहर शंभू दयाल इंटर कॉलेज तक लंबी कतारें लग गईं। भले ही भक्तों को घंटों प्रतीक्षा करनी पड़ी, लेकिन उनका उत्साह कम नहीं हुआ। वे भगवान शिव के भजन गाते हुए अपनी बारी का इंतजार करते रहे। महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर रात्रि 9 बजे भगवान शिव की शोभायात्रा (शिव बारात) निकाली गई, जिसका भक्तों ने जगह-जगह स्वागत किया। इसके पश्चात भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह संपन्न हुआ। मंदिर के मुख्य द्वार पर भगवान शिव के जागरण का आयोजन किया गया, जिसकी ज्योति प्रचंड महाराजश्री ने प्रज्वलित की। प्रात: 3:30 बजे से 4:30 बजे तक भव्य श्रृंगार व आरती हुई। इस दौरान भगवान दूधेश्वर को 108 प्रकार के व्यंजन भोग स्वरूप अर्पित किए गए। मंदिर के पीठाधीश्वर व श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने प्रथम जलाभिषेक किया। इसके बाद मंदिर के कपाट भक्तों के लिए खोले गए और पूरा मंदिर परिसर हर हर महादेव और जय दूधेश्वर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने बताया कि महाशिवरात्रि पर भगवान दूधेश्वर का जलाभिषेक करने से समस्त कष्टों का नाश होता है और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इस पावन अवसर पर राजनीतिक दलों के नेता, प्रशासनिक अधिकारी, नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी पहुंचे और श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। भक्तों की सुविधा के लिए श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष धर्मपाल गर्ग, श्रृंगार सेवा समिति के अध्यक्ष विजय मित्तल, और मंदिर सेवक अजय चोपड़ा ने विशेष प्रबंध किए। वहीं, मंदिर के मीडिया प्रभारी एस.आर. सुथार ने बताया कि अष्ट प्रहर पूजन और रुद्राभिषेक भी संपन्न हुआ, जिसमें हजारों भक्तों ने भाग लिया। जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। महाशिवरात्रि पर्व पर श्री दूधेश्वर नाथ महादेव मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह की अनूठी झलक देखने को मिली। भगवान शिव के जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और अष्ट प्रहर पूजन के साथ भक्तों ने अपने आराध्य का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर पूरे गाजियाबाद शहर में भक्ति और उल्लास का अद्भुत माहौल देखने को मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button