शहर-राज्य

रेल राज्यमंत्री से सांसद ने की रेलवे की समस्याएं दूर करने की मांग 

मोदीनगर,( अनिल वशिष्ठ)। बागपत लोकसभा क्षेत्र से सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने मंगलवार को बागपत लोकसभा क्षेत्र की विभिन्न रेलवे समस्याओं के समाधान हेतु  केंद्रीय रेल राज्य मंत्री और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू से मुलाकात की। सांसद ने इन समस्याओं को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री को एक मांगपत्र सौंपा। रवनीत सिंह बिट्टू ने सांसद को आश्वस्त किया कि जल्द ही इनका समाधान होगा। सांसद ने मंत्री को बताया कि कोरोना काल में विभिन्न ट्रेनों के स्टॉपेज को बंद कर दिया गया था। कोरोना काल खत्म होने के बाद भी इनको अभी तक शुरू नहीं किया गया है, जिसके चलते लोगों को बड़ी परेशानी हो रही है। इन स्टॉपेज को जल्द से जल्द दोबारा शुरू कराया जाए ताकि लोगों को हो रही परेशानी का समाधान हो सके। सांसद ने कहा कि बागपत के ब्राह्मण पुट्टी में रेलवे स्टेशन पर हाल्ट की सुविधा दी जाए, जिससे यहां के लोगों को इसका लाभ मिल सके।

इसके अलावा सांसद ने मोदीनगर रेलवे स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य कराने की मांग की। राजकुमार सांगवान ने मंत्री को बताया कि यह फुट ब्रिज दोनों ओर से मोदीनगर शहर को जोड़ने का काम करेगा। 

सांसद ने मंत्री से कहा कि मेरठ कैंट रेलवे स्टेशन परतापुर पर डीएफसी के अंतर्गत लॉजिस्टिक हब बनाया जाए, इसके बनने से आसपास जिलों के व्यापारियों को बड़ा लाभ मिलेगा। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री ने सांसद को सभी मांगो को लेकर सकारात्मक जवाब दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button