राजनगर एक्सटेंशन और सिकरोड क्षेत्र में हजारों वर्गमीटर में हो रहे निर्माण पर लगा ताला-स्थानीय लोगों के विरोध के बीच पुलिस बल की मौजूदगी में हुई सख्त कार्रवाई

गाजियाबार्द। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने प्रवर्तन जोन-1 के अंतर्गत अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मंगलवार को कई निर्माणों को सील कर दिया। उपाध्यक्ष के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत ग्राम ढरगल, राजनगर एक्सटेंशन और सिकरोड क्षेत्र में अवैध रूप से बनाए गए वेयरहाउस, शेड और अन्य निर्माणों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान ग्राम ढरगल वरदान रोड स्थित खसरा संख्या-129 पर दीपक अग्रवाल द्वारा लगभग 600 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनाए गए वेयरहाउस को सील कर दिया गया। इसी तरह ग्राम ढरगल में श्री हेमंत द्वारा पहले से निर्मित स्कार्ड लाइन वेयरहाउस को भी प्राधिकरण की टीम ने सीलबंद कर दिया। इसके अलावा राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में धर्म कांटा के पास हितेशी हाइट के सामने भट्टा नंबर-05 रोड सिकरोड पर चौधरी भरत सिंह और अन्य द्वारा करीब 3000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में किए जा रहे निर्माण को भी अवैध पाए जाने पर सील कर दिया गया। वहीं बाल जगत स्कूल के सामने भट्टा नंबर-05 रोड सिकरोड पर श्री प्रणय गुप्ता द्वारा लगभग 2000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में पहले से बनाए गए शेड को भी प्राधिकरण ने सीलबंद कर दिया। प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार इन सभी निर्माणकर्ताओं को पूर्व में शमन कराने का अवसर दिया गया था, लेकिन नियमों का पालन न करने के कारण सीलिंग की कार्रवाई करनी पड़ी। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों और निर्माणकर्ताओं ने विरोध भी किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस और स्थानीय पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित करते हुए पूरी कार्रवाई पूरी की गई। सीलिंग अभियान के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर और मेट के साथ स्थानीय पुलिस और प्राधिकरण पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। प्रवर्तन जोन-1 के सहायक अभियंता ने मौके पर मौजूद लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे किसी भी निर्माण को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



