ग़ाज़ियाबाद

योगी सरकार की योजनाओं से महिलाएं बन रही हैं सशक्त और आत्मनिर्भर: ममता त्यागी-50 महिलाओं को सम्मान, 7 को सिलाई मशीन और नव नियुक्त सुपरवाइजरों को मिला नियुक्ति पत्र

गाजियाबाद। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी और भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी चैनपाल सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का स्वागत पौधा भेंट कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ममता त्यागी ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का लाभ उठाकर महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं बल्कि समाज में भी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी चैनपाल सिंह ने महिलाओं और बालिकाओं के विकास, शिक्षा और स्वावलंबन के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनमानस तक पहुंचना बेहद आवश्यक है, ताकि पात्र महिलाओं और बच्चों को उनका वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि इसके लिए सरकार द्वारा विशेष जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं, जिसमें जिला प्रशासन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके अधिकारों को लेकर संबोधन दिया गया। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 50 महिलाओं को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। साथ ही 7 महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीन वितरित की गई। इसके अलावा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में नव नियुक्त सुपरवाइजरों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ममता त्यागी, भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी चैनपाल सिंह सहित जनपद के अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, जिला कार्यक्रम अधिकारी शशी वार्ष्णेय तथा महिला कल्याण विभाग और महिला एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button