मोदीनगर में अवैध निर्माण पर चला जीडीए का बुलडोजर, प्राधिकरण की सख्त कार्रवाई

गाजियाबाद। अवैध निर्माण और अनधिकृत कालोनियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने मोदीनगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्यवाही को अंजाम दिया। उपाध्यक्ष के निर्देशों पर की गई इस कार्रवाई में बुधवार को बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण कार्यों पर सख्ती दिखाई गई। प्रभारी प्रवर्तन जोन-02 के नेतृत्व में अबूपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री के प्रथम तल पर बिना स्वीकृति टीन शेड डालने का कार्य किया जा रहा था। संबंधित पक्ष द्वारा प्राधिकरण से स्वीकृति का कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके चलते प्राधिकरण ने तत्काल प्रभाव से निर्माण को सील कर दिया और आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी। इसी क्रम में ग्राम याकूतपुर मवी, निवाड़ी रोड स्थित लगभग 17000 वर्ग मीटर क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र के कालोनी विकसित की जा रही थी। मौके पर सड़क निर्माण के लिए मिट्टी डाली जा रही थी और साइड दीवार के लिए ईंट चिनाई का कार्य चल रहा था। प्राधिकरण ने ध्वस्तीकरण आदेश के अनुपालन में अवैध रूप से बनाई गई सड़क, बाउंड्रीवाल और साइट कार्यालय को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। ध्वस्तीकरण के दौरान निर्माणकर्ताओं और कालोनाइजर द्वारा विरोध भी किया गया, लेकिन प्राधिकरण के प्रवर्तन दस्ते और पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई प्रभावी ढंग से पूरी की गई। मौके पर सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित प्रवर्तन जोन-02 का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



