स्वास्थ्य

मुरादाबाद में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम: दिल्ली के विशेषज्ञों ने दी निवारक जांच की सलाह,

मुरादाबाद में एक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम दिल्ली रोड स्थित एक होटल में आयोजित किया गया, जिसमें दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल्स के विशेषज्ञों ने निवारक जांच की सलाह दी। इस कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल के सहयोग से किया गया था, जिसका उद्देश्य मुरादाबाद के लोगों में निवारक स्वास्थ्य देखभाल और बीमारियों की समय रहते पहचान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम में अपोलो के वरिष्ठ विशेषज्ञों ने जीवनशैली से जुड़ी बढ़ती बीमारियों पर विस्तार से चर्चा की और समय-समय पर जांच व चिकित्सकीय परामर्श लेने की आवश्यकता पर जोर दिया। नेफ्रोलॉजी विभाग के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. (प्रो.) संजीव जसूजा ने मधुमेह और उच्च रक्तचाप से जुड़ी बढ़ती किडनी बीमारियों पर चिंता जताई। गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी व हेपेटोलॉजी विभाग के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. योगेश बत्रा ने फैटी लिवर सहित पाचन तंत्र और लिवर रोगों के बढ़ते मामलों पर प्रकाश डाला।

इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी विभाग के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. राजीव राजपूत ने हृदय रोग के जोखिम को कम करने के लिए नियमित कार्डियक स्क्रीनिंग की अहमियत के बारे में बताया। गाइनकोलॉजी ऑन्कोलॉजी विभाग से वरिष्ठ सलाहकार डॉ. पाखी अग्रवाल ने महिलाओं में स्त्रीरोग संबंधी कैंसर की समय पर जांच और जागरूकता को बेहद महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रितेश गुप्ता विधायक मुरादाबाद, विनोद अग्रवाल महापौर मुरादाबाद और राघवेंद्र सिंह एसपी सिटी मुरादाबाद उपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष  अरविंद अग्रवाल ने कहा कि मजबूत व्यापारिक समुदाय के लिए स्वास्थ्य जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल्स ने उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल, मुरादाबाद के सभी सदस्यों को प्रिविलेज कार्ड भी प्रदान किया, जिसके माध्यम से उन्हें विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं और प्राथमिकता सेवाएं उपलब्ध होंगी। कार्यक्रम का समापन खुले संवाद सत्र के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित लोगों ने लक्षणों, जोखिम कारकों और बचाव के उपायों को लेकर विशेषज्ञों से सवाल-जवाब किए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button