मुरादाबाद में अपना दल कमेरावादी का प्रतिनिधि मंडल डीआईजी को ज्ञापन सौंपा

मुरादाबाद में अपना दल कमेरावादी के मंडल अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने डीआईजी महोदय को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में जनपद रामपुर के थाना केमरी अंतर्गत गाँव बिढऊ निवासी एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर ले जाने वाले के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की गई है।
ज्ञात हो कि 20 जनवरी 2026 की रात्रि लगभग 12 बजे थाना केमरी अंतर्गत ग्राम बिढऊ निवासी रामसुमर कश्यप की नाबालिग पुत्री को थाना भोट अंतर्गत ग्राम मोहन की मढ़ेयान निवासी अरबिंद पुत्र रमेश अपने साथियों के साथ मोटर साइकिल पर जबरन बैठा कर ले गया था। नाबालिग पुत्री के पिता रामसुमर कश्यप द्वारा एस.ओ. केमरी व पुलिस अधीक्षक महोदय रामपुर को कई बार प्रार्थना पत्र देने के बाद भी आज तक थाना केमरी में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
मंडल अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तीन दिन में रिपोर्ट दर्ज नहीं होती है तो एडीजी महोदय बरेली को ज्ञापन दिया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में ठाकुर मंजु राठौर, धर्मेंद्र कश्यप, राकेश श्रीवास्तव, आँचल कश्यप, डॉ. कृपाल सिंह तुरैहा, रामसुमर कश्यप, उत्तम तुरैहा आदि मौजूद रहे।



