मुख्यमंत्री के आर्थिक सलाहकार समूह के सदस्य ने किसानों से किया संवाद

प्रदेश के मुख्यमंत्री के आर्थिक सलाहकार समूह के सदस्य एवं एनर्जी एक्सपर्ट रविकांत मिश्रा ने रविवार को विकास भवन में जनपद के सोलर पंप के लाभार्थियों एवं सोलर पम्प प्रदाता वेंडर्स, विद्युत विभाग के अधिकारियों नेडा के अधिकारियों के साथ सोलर पम्प के विस्तार एवं सोलर रूफ टॉप के सम्बंध में संवाद किया ।श्री मिश्रा ने पीएम कुसुम योजनान्तर्गत कृषकों के यहां स्थापित सोलर पंप से हो रहे लाभ के सम्बंध में विस्तारपूर्वक वार्ता की।पीएम सूर्य घर मुक्त बिजली योजना अंतर्गत स्थापित सोलर रूफटॉप के लाभार्थियों से भी फीडबैक लिया।
किसानों के बीच सोलर पम्पों की घटती मांग के सम्बंध में श्री मिश्रा द्वारा जानकारी चाही गयी जिस पर उप कृषि निदेशक ने अवगत कराया कि वर्तमान समय में सिंचाई हेतु मुफ्त बिजली आपूर्ति, विद्युत चलित पंपों की अपेक्षा सोलर पम्प से पानी का कम डिस्चार्ज होना आदि प्रमुख कारण हैं।
बैठक में उपस्थित लाभार्थियों द्वारा बताया गया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से स्थापित सोलर से उनके बिजली के बिल में काफी कमी आई है साथ ही स्थापित सोलर में किसी भी प्रकार का मेंटेनेंस नहीं है। सूर्य की रोशनी से बिजली उत्पादित कर विजली के बिल की बचत कर रहे हैं। बैठक में उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल, परियोजना प्रभारी यूपी नेडा डिस्कॉम के अधिशासी अभियंता, पीएम कुसुम योजना के वेंडर एवं पीएम सूर्य घर योजना के वेंडर,बैंकों के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।



