बृषभान नंदिनी के यहां तड़ातड़ चली प्रेम से पगी लाठियां

-लठमार होली निहारने को ठहरे सूरज , तो चंद्रमा ने दिखायी बेकरारी, रंग गुलाल के बने बादल
प्रेम के रंग में रंगे देसी- विदेशी
मनोज शर्मा/वेलकम इंडिया
मथुरा/बरसाना। सब जग होरी , ब्रज में होरा की कहावत पुन: ब्रज में चरितार्थ हो गई । कहावत है कि ब्रज की होली देखने को देवता गण भी तरसते हैं ।बताते हैं कि ब्रज की होली को देखने के लिए आकाश मार्ग से देवगण बरसाना में होली देख रहे थे। तभी तो धरती पर राधा जी की तड़ा तड़ लाठियों राधा जी की सहेलियां हुरियारिनें हाथों में चमचमाती लाठियां लिए घूंघट की ओट से हुरियारों पर प्रहार कर रही हैं। हुरियारे अपनी ढालों पर इन प्रहारों को झेल रहे हैं। स्त्री आज उन्मुक्त है और पुरुष रक्षा आवरण के होते हुए भी असहाय है। पुरुष का नारी शक्ति के सामने समर्पण और प्रतिकार न कर पाने का यह दृश्य दुनिया को संदेश दे रहा है नारी तत्व की प्रधानता का। यह कि संसार मातृत्व शक्ति से संचालित है। इस दृश्य को देखने के लिए लाखों का जनसैलाब उमडा हुआ है।
बुधवार सुबह से ही समूची राधा नगरी उत्साह और उल्लास से लबरेज दिखी। देश दुनिया में विख्यात लठामार रंगीली होली का आनंद उठाने को लाखों की संख्या में श्रद्धालु उमड आए। कस्बे की हर एक गली श्रद्धालुओं के आवागमन की चहल पहल की गवाह बनी। बालक, युवा और वृद्ध सभी का जोश देखते ही बन रहा था। सुबह से ही श्रद्धालुओं ने गहवर वन की परिक्रमा लगाना शुरु कर दिया। परिक्रमा के दौरान श्रद्धालु जोश व मस्ती से नाचते कूदते होली के भजन गाते चल रहे थे। श्रद्धालुओें ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। कस्बे की गलियों में खडे स्थानीय लोगों ने परिक्रमा लगा रहे श्रद्धालुओं पर गुलाल और रंग की बारिश की। श्यामा श्याम मंदिर, गोपाल जी मंदिर, राम मंदिर, सांकरी खोर, विलास गढ, गह्वर वन, रस मंदिर, मोर कुटी, राधा सरोवर, मान गढ, दानगढ और कुशल बिहारी मंदिर से होते हुए परिक्रमार्थी लाडिली जी के मंदिर में पहुंचे। मंदिर में लोगों ने राधा रानी के चरणों में गुलाल भेंट किया। हुरियारिनें सुबह से ही होली की तैयारियों में जुटी हैं। हुरियारिनों का उत्साह देखते ही बन रहा है। आखिर साल भर जिस दिन का इंतजार रहता है वो आ पहुंचा है। राधा रानी की लीलाओं में सहभागिता करने का मौका जो मिला है। खुद के भाग्य सराहती हुरियारिनें अपनी पंरपरागत पोशाक लंहगा चूनरी को पहन कर तैयार हो रही हैं। कान्हा के सखा होली खेलने आते ही होंगे। दोपहर करीब दो बजे नंदगांव से हुरियारों के टोल के टोल आने शुरु हो गए। हुरियारों की जोश और उमंग देखते ही बन रही है। धोती और बगलबंदी पहने हुरियारे कंधे पर ढाल रखे हुए हैं। नंद भवन से कान्हा की प्रतीक ध्वजा के पीछे- पीछे हुरियारे झूमते गाते चले आ रहे है। मुख पर पसीना है लेकिन थकान नहीं है। बरसाना में पहुंचते ही प्रिया कुंड पर सब इकठ्ठे हो गए हैं। बरसाना के गोस्वामी समाज के मुखिया रामभरोसे गोस्वामी के नेतृत्व में हजारों बरसानावासी उनके स्वागत को जा पहुंचे हैं। भांग की ठंडाई में केवडा, गुलाबजल ओर मेवा घोल कर हुरियारों को पिलाई जा रही है। जो कभी भांग नहीं पीता वो हुरियारा भी आज भांग पिये बिना रह नहीं पाता। यहा पर हुरियारों ने अपने सिरों पर पाग बांधी हैं। प्रिया कुंड के घाटों पर सैकडों हुरियारे एक दूसरे के पाग बांध रहे हैं। जो छोटे बच्चे पहली बार होली खेलने आए हैं उनके पिता या दादा उनकी पाग बांध रहे है। ऐसा लग रहा है कि हुरियारा बनने की पंरपरा का अगली पीढी को उत्तराधिकार दिया जा रहा है। प्रिया कुंड पर पाग बांधने के बाद हुरियारे लाडिली जी मंदिर की ओर चल दिए है। दरसन दे निकरि अटा में ते दरसन दे गाते हुए हुरियारे मंदिर में प्रवेश कर गए। कान्हा की प्रतीक ध्वजा को मंदिर में किशोरी जी के पास रख दिया जाता है। जो इस बात का प्रतीक है कि नटवर नंद किशोर फाग खेलने के लिए बरसाना आ चुके हैं। मंदिर में दोनों गांवों के गोस्वामियों के मध्य संयुक्त समाज गायन किया गया। समाज गायन में दोनों पक्ष एक दूसरे पर प्रेम भरे कटाक्ष करने लगे। समाज गायन के बाद हुरियारे मंदिर से उतर कर रंगीली गली में आ पहुंचे। हुरियारिनें अपने द्वारों पर टोल बना कर खडी हुई है। हुरियारों ने उनको देखकर पंचम वेद के प्रचलित पदों का गायन शुरु कर दिया। जिसके बाद हुरियारिनें लाठियां लेकर हुरियारों पर पिल पडी। हुरियारों का बच के निकलना बडा मुश्किल हो गया। हुरियारिनों के लाठी प्रहारों को हुरियारों ने बडी कुशलता से अपनी ढालों पर झेलना शुरु कर दिया। एक ओर हुरियारिने पूरे जोश से लाठियां बरसा रही थी। वहीं हुरियारे किसी कुशल योद्धा की तरह सिर पर ढाल का आवरण रखे उछल उछल कर खुद को बचा रहे थे। इस आनंदपूर्ण दृश्य को देखने के लिए लाखों श्रद्धालु उमड रहे थे। लोग घंटो पहले से आस पास के मकानो की छतो, छज्जों आदि पर जमे थे कि लठामार की एक झलक देख श्रद्धालु अपने आप को धन्य मान रहे थे


