शहर-राज्य

बसंत पंचमी से ब्रज में शुरू होगा 40 दिनों का होली उत्सव

-25 फरवरी को लठमार होली, एक दिन पहले 24 फरवरी को होगी लड्डू होली

मथुरा। कान्हा की नगरी ब्रज में आनंद और उल्लास का महापर्व होली दस्तक देने वाला है। यहां होली केवल एक दिन का त्योहार नहीं, बल्कि पूरे 40 दिनों तक चलने वाला एक अलौकिक उत्सव है। यहां बसंत पंचमी के साथ ही हवाओं में अबीर- गुलाल की खुशबू घुलने लगती है। आज से (बसंत पंचमी) ब्रज में होली के उल्लास की विधिवत शुरुआत हो जाएगी। योगी सरकार ने ब्रज की इस अलौकिक परंपरा को वैश्विक पटल पर पहचान दिलाने के लिए ‘रंगोत्सव 2026’ की भव्य तैयारियां शुरू कर दी हैं। मा मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद एवं जिला प्रशासन इस बार भी होली को दिव्य और भव्य बनाने में जुटा है। देश-विदेश के श्रद्धालु इस दिव्य रंगोत्सव में शामिल होंगे।

*बसंत पंचमी पर गड़ेगा होली का डांडा*

ब्रज में होली की विधिवत शुरुआत बसंत पंचमी से मानी जाती है। इस दिन ब्रज के प्रमुख मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ ‘होली का डांडा’ गाड़ा जाएगा। यह प्रतीक है कि कान्हा की नगरी में अब रंगों के त्योहार होली का आगमन हो चुका है। बसंत पंचमी से ही मंदिरों में ठाकुर जी को गुलाल लगाया जाना शुरू हो जाएगा और समाज गायन के साथ फाल्गुन के गीतों की स्वर लहरियां गूंजने लगेंगी। अगले 40 दिनों तक भक्त और भगवान प्रेम और भक्ति के रंगों में सराबोर रहेंगे।

*रंगोत्सव में सजेगा ब्रज*

रंगोत्सव 2026 को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए मथुरा जनपद के विभिन्न स्थानों पर 23 भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। इनमें बरसाना में 5, नंदगांव में 4, मथुरा में 5, रावल, गोकुल, बलदेव और फालैन में 2- 2 तथा महावन में 1 द्वार शामिल है। इसके अलावा, बरसाना, नंदगांव और मथुरा के प्रमुख स्थानों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए 25 छोटे स्टेज भी बनाए जाएंगे। पर्यटकों के लिए मथुरा के प्रमुख स्थलों पर 12 सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किए जाएंगे।

*प्रमुख मंदिरों में होगी विशेष लाइटिंग*

योगी सरकार ने इस बार लाइटिंग व्यवस्था पर विशेष जोर दिया है। श्री राधा रानी मंदिर (बरसाना) और श्री नंद मंदिर (नंदगांव) में विशेष फसाड लाइटिंग ) की जाएगी। इसके अलावा, मथुरा के होली गेट, विश्राम घाट, गाजीपुर मंदिर, संकेत मंदिर, रावल स्थित राधा रानी मंदिर, गोकुल के नंद किला, फालैन के प्रहलाद मंदिर और बलदेव के दाऊजी मंदिर पर भव्य विद्युत सजावट की जाएगी।

*800 कलाकार बिखेरेंगे संस्कृति के रंग*

रंगोत्सव केवल रंगों का ही नहीं, बल्कि ब्रज की लोक कला का भी उत्सव है। 24 और 25 फरवरी को बरसाना स्थित राधा बिहारी इंटर कॉलेज में दो दिवसीय भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इस बार 70 से अधिक सांस्कृतिक समूहों के 800 से ज्यादा कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इसमें स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का भरपूर मौका मिलेगा, जिससे ब्रज की लोक संस्कृति जीवंत हो उठेगी।

*25 फरवरी को लठमार होली*

होली के कार्यक्रमों का मुख्य आकर्षण बरसाना की विश्व प्रसिद्ध लठमार होली होगी, जो इस बार 25 फरवरी 2026 को खेली जाएगी। इससे ठीक एक दिन पहले, 24 फरवरी को राधारानी मंदिर में ‘लड्डू होली’ का आयोजन होगा, जहां भक्तों पर प्रसाद रूपी लड्डुओं की बरसात की जाती है। मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी स्वयं रंगोत्सव में गहरी रुचि रखते हैं और अक्सर इसमें शामिल होकर संतों के साथ होली खेलते हैं। प्रशासन को स्पष्ट निर्देश हैं कि लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button