ग़ाज़ियाबाद

पीएम स्वनिधि योजना के तहत क्रेडिट कार्ड का शुभारंभ, 25 लाभार्थियों को ऋण प्रमाण पत्र वितरित

गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुक्रवार को केरल के तिरुवनंतपुरम से पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत क्रेडिट कार्ड का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर देशभर के एक लाख पथ विक्रेताओं को बैंकों के माध्यम से ऋण वितरण किया गया। प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण गाजियाबाद के कविनगर स्थित जानकी भवन में आयोजित किया गया, जहां अधिकारियों और लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, उद्यान प्रभारी एवं मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ अनुज कुमार सिंह, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, पीएनबी डीसी तथा एसबीआई डीसी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान जनपद के पांच पथ विक्रेताओं को पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत क्रेडिट कार्ड प्रदान किए गए। साथ ही नगर आयुक्त द्वारा 25 लाभार्थियों को ऋण वितरण प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनके चेहरों पर आत्मविश्वास और संतोष साफ नजर आया। अधिकारियों ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना का मुख्य उद्देश्य रेहड़ी-पटरी और छोटे स्तर पर व्यवसाय करने वाले पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इस योजना के माध्यम से न केवल उन्हें सस्ता और सुलभ ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, बल्कि डिजिटल लेन-देन के माध्यम से उन्हें औपचारिक अर्थव्यवस्था से भी जोड़ा जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान यह भी कहा गया कि पीएम स्वनिधि योजना ने देशभर में लाखों पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। क्रेडिट कार्ड और ऋण सुविधा मिलने से अब वे अपने छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ा सकेंगे और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button