शहर-राज्य

दिन निकलते ही रिठानी पुलिस चौकी के नजदीक गन पॉइंट पर ई-रिक्शा लूटा, लुटेरे फरार

उज्जवल रस्तौगी वरिष्ठ पत्रकार

मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र में पुलिस चौकी के पास ही दिन निकलते ही बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दे दिया। रिठानी चौकी से कुछ ही दूरी पर कार सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर युवक से ई-रिक्शा लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार आजाद नगर, थाना गंगानगर निवासी जितेंद्र पुत्र मुरारी क्षेत्र में फलों का ठेला लगाकर अपना गुजारा करता है। वह रोजाना अपने भतीजे रोहित पुत्र हुकुमचंद के साथ दिल्ली रोड स्थित नवीन मंडी से फल और सब्जियां खरीदने जाता है। भीड़भाड़ के कारण अक्सर जितेंद्र अपने भतीजे रोहित को ई-रिक्शा की चाबी देकर मंडी के बाहर खड़ा कर देता था। बताया गया कि बुधवार सुबह भी दोनों नवीन मंडी पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक रोहित के पास आया और कहा कि उसके पास 10 क्रेट टमाटर हैं, जिन्हें शॉप्रिक्स मॉल चौराहे तक पहुंचाना है। उसने 200 रुपये किराया देने की बात कही। लालच में आकर रोहित ने टमाटर ई-रिक्शा में लोड करा लिए और चल पड़ा। रास्ते में बैठे युवक ने कहा कि उसे शताब्दी नगर तक जाना है और इसके बदले 200 रुपये और देने का लालच दिया। इस पर रोहित तैयार हो गया और ई-रिक्शा शताब्दी नगर की ओर मोड़ लिया। जैसे ही ई-रिक्शा रिठानी चौकी से कुछ दूरी पर पहुंचा, रोहित ने रास्ते में ई-रिक्शा रोककर शौच के लिए जाने की बात कही। इसी दौरान ई-रिक्शा में बैठा युवक चालक सीट पर आकर बैठ गया और ई-रिक्शा चलाकर देखने का बहाना करने लगा। देखते ही देखते उसने डिवाइडर कट से यू-टर्न लिया और ई-रिक्शा लेकर भागने लगा। रोहित को शक हुआ तो वह पीछे दौड़ा और ई-रिक्शा पकड़ लिया। तभी पीछे से आई एक वैगनआर कार में सवार दो युवकों ने तमंचा लहराते हुए रोहित को धमकाया और ई-रिक्शा छोड़ने को कहा। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी तो रोहित घबरा गया और ई-रिक्शा छोड़ दिया। इसके बाद बदमाश ई-रिक्शा लेकर फरार हो गए। उधर मंडी से सब्जियां लेकर लौटे जितेंद्र ने रोहित को फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठने पर वह घबरा गया। काफी देर बाद रोहित ने फोन उठाकर पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही रोहित के परिजन और जितेंद्र शताब्दी नगर चौकी पहुंचे और पुलिस को घटना से अवगत कराया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button