दिल्ली

जहांगीर पुरी पुलिस टीम द्वारा हत्या के आरोपी को किया गिरफ्तार।

एहसान अंसारी


नई दिल्ली: दिल्ली के जहांगीर पुरी इलाके में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले को थाना जहांगीर पुरी की पुलिस टीम ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी हसमत आशु को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग (CCL) को भी पकड़ लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक देशी पिस्तौल (कट्टा) और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 3 मार्च 2026 को शाम करीब 6 बजे सीडी पार्क, जहांगीर पुरी इलाके में दो गुटों के बीच पुराने विवाद को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान फायरिंग और पत्थरबाजी की घटना हुई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत बीजेआरएम अस्पताल ले जाया गया और बाद में उन्हें एलएनजेपी अस्पताल रेफर किया गया।

इस घटना में रहमतुल्ला @ भोला (18) निवासी जहांगीर पुरी को गोली लगने से गंभीर चोट आई थी, जिसे इलाज के दौरान एलएनजेपी अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। वहीं आफताब (18) को पत्थर लगने से सिर में चोट आई और सहजान अली को झगड़े के दौरान चाकू लगने से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शी जमीर अहमद की शिकायत पर थाना जहांगीर पुरी में FIR संख्या 112/26 के तहत धारा 103(1)/115(2)/3(5) BNS और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना जहांगीर पुरी की टीम ने इंस्पेक्टर नेत्राम और इंस्पेक्टर सोमिल शर्मा के नेतृत्व में जांच शुरू की। स्थानीय सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी हसमत आशु (23) निवासी सीडी पार्क, जहांगीर पुरी को गिरफ्तार कर लिया और उसके एक नाबालिग साथी को भी पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से चली आ रही रंजिश के कारण यह वारदात हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी हसमत आशु एक आदतन अपराधी है और पहले भी लूट के एक मामले में शामिल रह चुका है।

पुलिस का कहना है कि इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं और मामले की आगे की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button