ग़ाज़ियाबाद

घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर कई जगह छापेमारी-जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन, पुलिस और आपूर्ति विभाग की संयुक्त कार्रवाई

गाजियाबाद। जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की जमाखोरी, अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी उपजिलाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन और आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीमों का गठन किया गया है, जो जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निगरानी और छापेमारी कर रही हैं। इस अभियान के तहत कई स्थानों पर कार्रवाई करते हुए घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग और भंडारण के मामलों का खुलासा हुआ है। आपूर्ति विभाग की टीम ने बुधवार को तहसील मोदीनगर क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत याकूतपुर मवी स्थित निवाड़ी रोड पर महेश फैब्रीकेशन के सामने संचालित एक बर्गर किंग नामक दुकान पर छापेमारी की। जांच के दौरान पाया गया कि दुकान पर घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। मौके पर कुल सात घरेलू गैस सिलेंडर मिले, जिनका उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों में किया जा रहा था, जो कि नियमों के विरुद्ध है। इस मामले में मौके पर मौजूद कुवंरपाल पुत्र हरि सिंह निवासी याकूतपुर मवी के खिलाफ द्रवित पेट्रोलियम गैस विनियमन एवं वितरण आदेश 2000 के उल्लंघन के तहत आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 और 7 के अंतर्गत थाना मोदीनगर में मुकदमा दर्ज कराया गया है। प्रशासन का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग केवल घरेलू जरूरतों के लिए ही किया जा सकता है और व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। निरीक्षण के दौरान मूलचंद के यहां भी तीन खाली गैस सिलेंडर पाए गए। इन सिलेंडरों को जब्त कर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि इस तरह के मामलों में सख्ती बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसी क्रम में तहसील लोनी क्षेत्र में भी आपूर्ति विभाग की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान आपूर्ति निरीक्षक आनंद स्वरूप त्रिपाठी के नेतृत्व में घरेलू गैस सिलेंडरों को जब्त कर आवश्यक कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान कुछ स्थानों पर घरेलू सिलेंडरों का अनधिकृत उपयोग सामने आया, जिसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
वहीं कुछ दिन पहले गाजियाबाद के संजयनगर क्षेत्र में भी एक मामला सामने आया था, जहां वैभव माहेश्वरी को घरेलू गैस सिलेंडरों से रिफिलिंग करते हुए पकड़ा गया था। इस मामले में पूर्ति निरीक्षक सत्यप्रकाश मालवीय ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ थाना क्षेत्र में मुकदमा दर्ज कराया था। प्रशासन का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग करना न केवल अवैध है, बल्कि इससे गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर पूरे जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि घरेलू गैस सिलेंडरों की जमाखोरी, कालाबाजारी और अवैध उपयोग पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन की टीमों द्वारा लगातार निरीक्षण और छापेमारी की जा रही है और जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति घरेलू गैस सिलेंडरों का अनधिकृत भंडारण, डायवर्जन या कालाबाजारी न करे। इसके अलावा किसी भी गैस एजेंसी पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और सोशल मीडिया पर फैल रही गैस सिलेंडरों की कमी संबंधी अफवाहों पर ध्यान न दें। अमित तिवारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया के माध्यम से झूठी और भ्रामक सूचनाएं फैलाकर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, जो पूरी तरह गलत और निराधार है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति, गैस एजेंसी या प्रतिष्ठान घरेलू गैस सिलेंडरों के अनधिकृत भंडारण, डायवर्जन, कालाबाजारी, ओवररेटिंग या अवैध वितरण में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 और 7 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जिले में किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि प्रशासन की इस सख्ती से घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग पर रोक लगेगी और आम उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के गैस की आपूर्ति मिलती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button