ग्राम रोजगार सेवकों ने मानदेय के लिए केंद्रीय मंत्री से लगायी गुहार

427 ग्राम रोजगार सेवकों का 24 से 36 माह का मानदेय बकाया
वाराणसी। उ.प्र.ग्राम रोजगार सेवक संघ के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में जनपद में कार्यरत ग्राम रोजगार सेवकों ने वृहस्पतिवार को केंद्रीय मंत्री (पंचायती राज एवं कृषि) शिवराज सिंह चौहान से मिलकर बकाया मानदेय के भुगतान कराने की गुहार लगाते हुए उन्हें ज्ञापन सौंपा।जिलाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह के साथ पहुंचे ग्राम रोजगार सेवकों ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि प्रशासनिक मद में पर्याप्त धनराशि उपलब्ध होने के बावजूद जनपद के 427 ग्राम रोजगार सेवकों को 24 से 36 माह का मानदेय नहीं दिया जा रहा है, जिससे हम लोगों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
36 माह का मानदेय बकाया, आखिर कैसे मनाएं होली
ग्राम रोजगार सेवकों ने केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि हम लोग शासन द्वारा संचालित सभी योजनाओं जैसे मनरेगा के कार्यों के अतिरिक्त पीएम एवं सीएम आवास निर्माण,मिशन अंत्योदय सर्वे, डिजिटल क्राप सर्वे, बीएलओ ड्यूटी,विधानसभा,लोकसभा चुनाव में कैमरा मैन के रूप में कार्य करने के साथ ही शासन एवं जिला प्रशासन द्वारा सौंपे गये सभी कार्यों को निष्ठा व ईमानदारी से विगत 17 वर्षों से करते चले आ रहे हैं।इसके बावजूद हम लोगों को विगत 36 माह से मानदेय नहीं मिल सका है ऐसे मे आखिर हम लोग होली कैसे और किन परिस्थितियों में मनायेंगे।ग्राम रोजगार सेवकों के दर्द को सुनकर केंद्रीय मंत्री ने आश्चर्य व्यक्त करते हुए 36 माह के बकाया मानदेय पर हैरानी जतायी और रोजगार सेवकों को भरोसा दिलाया कि जल्द आप लोगों के बकाया मानदेय का भुगतान कराएंगे और 36 महीने का मानदेय किन परिस्थितियों में रोका गया इसका भी पता लगायेंगे।
इस दौरान जिलाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह के साथ काशीनाथ मिश्रा,कमलेश पटेल,राजकुमार,अजीत पटेल उपस्थित रहे।



