शहर-राज्य

गोवर्धन में शादी समारोह की आड़ में हुड़दंग मचाने वाले वाहनों पर पुलिस की कार्रवाई, लग्जरी कार जब्त

मथुरा। थाना गोवर्धन पुलिस ने शादी समारोह के नाम पर क्षेत्र में हुड़दंग मचाने और अवैध हथियार लहराने वाले लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी वाहन को जब्त किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक थाना गोवर्धन के नेतृत्व में की गई।

पुलिस के अनुसार, ग्राम देवसेरस में 10 दिसंबर को आयोजित एक शादी समारोह के दौरान राजस्थान से आई कई महंगी गाड़ियों में सवार युवकों द्वारा तेज आवाज में डीजे बजाते हुए, सायरन, लाल-नीली  बत्ती, वाहनों को लहराते हुए और छतों पर चढ़कर अवैध असलहे व पिस्टल लहराते हुए क्षेत्र में दहशत फैलाने का मामला सामने आया था। इस दौरान पटाखे छोड़कर डर का माहौल बनाया गया, जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी।

मामले की जांच के बाद थाना गोवर्धन में 16 दिसंबर को करीब 20 युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।

जांच के क्रम में 17 फरवरी को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक लैंड रोवर डिफेंडर को बरामद कर जब्त कर लिया था। पुलिस द्वारा अन्य वाहनों की भी पहचान की जा रही है तथा शेष आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई जारी है।

पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक शांति भंग करने और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button