मेगा कैम्प में बने श्रमिक कार्ड, बाल श्रम उन्मूलन के प्रति किया गया जागरूक

असदुल्लाह सिद्दीकी/जोगिया/सिद्धार्थनगर। जिले को बाल श्रम मुक्त बनाने के उद्देश्य से जोगिया उदयपुर ब्लॉक क्षेत्र के पकड़ी बाजार एवं मिठवल ब्लाक क्षेत्र के गोहर में मंगलवार को मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान की ओर से मेगा कैम्प का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के डिस्ट्रिक्ट लीड प्रसून कुमार शुक्ला के नेतृत्व में किया गया। कैम्प में श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए श्रमिकों के श्रम कार्ड बनाये गये। मेगा कैम्प में क्षेत्र के सैकड़ों श्रमिकों ने पहुंचकर अपना पंजीकरण कराया और श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने श्रमिकों को सरकार की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान एमआईएस रोहित रंजन दुबे ने कहा कि जनपद में बाल संरक्षण मुद्दों के लेकर बृहत रूप से जन जागरूकता अभियान के साथ साथ सम्बन्धित विभागों से समन्वय स्थापित कर बाल संरक्षण के मुद्दों पर कार्य किया जा रहा है, साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं से लिंकेज के लिए मेगा कैम्पों का आयोजन संस्थान द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान जिला सलाहकार जय प्रकाश गुप्ता ने बाल श्रम उन्मूलन को लेकर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि जिले को बाल श्रम मुक्त बनाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं कोई बच्चा मजदूरी करते हुए दिखाई दें, तो इसकी सूचना सम्बन्धित विभाग या चाइल्ड हेल्पलाइन नं0-1098 पर दें, ताकि बच्चों को श्रम से मुक्त कराकर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकें। कैम्प में श्रम विभाग के राहुल शर्मा एवं अमरजीत पाण्डेय ने श्रमिकों को श्रम कार्ड से मिलने वाले लाभों के बारें में जानकारी दी और बताया कि पंजीकरण कराने से श्रमिकों को विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सकता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान से रूपा उमर, सोनम मोदनवाल, अमन शर्मा, विजय शंकर यादव, श्रद्धा दुबे, हृदय नारायण सिंह, ज्योति सिंह, सीएचसी संचालक धर्मपाल पासवान, दिलशाद तथा धर्मप्रकाश की विशेष भूमिका रही। कैम्प के दौरान बड़ी संख्या में श्रमिकों ने श्रम कार्ड बनवाकर सरकारी योजनाओं से जुड़ने की प्रक्रिया पूरी की। आयोजकों ने बताया कि आगे भी ऐसे जागरूकता और पंजीकरण कैम्प आयोजित किए जायेंगे, ताकि अधिक से अधिक श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकें और जिले को बाल श्रम मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाये जा सकें।



