कलेक्ट्रेट में बना नया पार्क का राज्यसभा सांसद बृजलाल ने किया लोकार्पण

सिद्धार्थनगर। कलेक्ट्रेट परिसर में करीब साठ लाख रुपये की लागत से निर्मित नए पार्क का लोकार्पण रविवार को राज्यसभा सांसद बृजलाल ने जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन के साथ किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सांसद का बुके भेंट कर स्वागत किया। लोकार्पण के बाद सांसद और जिलाधिकारी ने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद ने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि उनकी सांसद निधि से कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवनों का निर्माण कराया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हुई हैं। बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में एक लाइब्रेरी का निर्माण भी कराया गया है, जहां बच्चों को पढ़ते देखना संतोषजनक लगता है। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट परिसर में पार्क बनने से आम लोगों, कर्मचारियों और अधिकारियों को मॉर्निंग वॉक के लिए बेहतर स्थान मिलेगा, जिससे परिसर की सुंदरता भी बढ़ी है और लोगों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की प्रेरणा मिलेगी। राज्य सभा सांसद ने जनपद की पहचान काला नमक चावल का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इसकी खेती अंग्रेजों के समय से शुरू हुई थी और आज इसकी खुशबू विदेशों तक पहुंच रही है। इसे ‘बुद्धा राइस’ के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने किसानों से इसकी गुणवत्ता बनाए रखने और मिलावट से बचने की अपील की। इस अवसर पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि राज्यसभा सांसद बृजलाल पिछले तीन दिनों से जिले में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण कर रहे हैं। उन्होंने सांसद की सक्रियता को जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। जिलाधिकारी ने कहा कि सांसद निधि से बने पुस्तकालय और अन्य विकास कार्यों से जनपद के लोगों को सीधे लाभ मिल रहा है। इस मौके पर जॉइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गौरव श्रीवास्तव, सीओ सदर (आईपीएस) विश्वजीत सौरयान, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, जेई वैभव सिंह, रेजर राजेश कुशवाहा, वन दरोगा निखिल श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




