शिक्षा

एमआईईटी में 26 फरवरी से तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव कोलाहल का आगाज़

  • 28 फ़रवरी को पंजाबी सिंगर परमिश वर्मा के गानों पर थिरकेंगे छात्र
  • कवि सम्मेलन, फैशन शो, स्टार नाइट सहित होगी विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
  • उज्जवल रस्तौगी वरिष्ठ पत्रकार

मेरठ। मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) में 26 फरवरी से तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव ‘कोलाहल-26’ का शुभारंभ होने जा रहा है। इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में कोलाहल के समन्वयक एवं डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. हनी तोमर ने बताया कि यह सांस्कृतिक महोत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने और उनमें रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में कला, साहित्य, संगीत और रंगमंच की विविध विधाओं का संगम देखने को मिलेगा, जो युवाओं के उत्साह और ऊर्जा को नई दिशा देगा।
महोत्सव के पहले दिन भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। देश के ख्यातिलब्ध कवि शंभू शिखर, डॉ. पी.के. आजाद, खुशबू शर्मा एवं डॉ. प्रवीण शुक्ल अपनी ओजपूर्ण, हास्य और व्यंग्य रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। आयोजन में साहित्यिक गरिमा और मनोरंजन का अनूठा समावेश रहेगा।
दूसरे दिन विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें सोलो डांस, डुएट डांस, ग्रुप डांस, ‘स्वर संगम’ (सोलो, डुएट एवं ग्रुप), ‘मिस्टर एंड मिस कोलाहल’ तथा ‘बैटल ऑफ बैंड्स’ जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं। प्रतिभागी अपनी कला, आत्मविश्वास और रचनात्मकता का प्रदर्शन करेंगे। शाम को डीजे नाइट के साथ युवा ऊर्जा अपने चरम पर रहेगी।
महोत्सव के अंतिम दिन रंगमंचीय प्रस्तुतियां और फैशन शो कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। स्किट एवं फैशन शो में ‘रजवाड़ा’, ‘वेस्टर्न’, ‘अरेबियन’ और पारंपरिक परिधानों की थीम पर आधारित प्रस्तुतियां होंगी, जो विविध सांस्कृतिक रंगों को प्रदर्शित करेंगी।
इस वर्ष ‘कोलाहल-26’ का मुख्य आकर्षण पंजाबी सिंगर परमिश वर्मा की लाइव प्रस्तुति होगी।
वे अपने लोकप्रिय गीतों—‘गाल नी कड़नी’, ‘आ ले चक मैं आ गया’, ‘सब फड़ें जानगे’, ‘कच्चे पक्के यार’, ‘चार यार’, ‘सढ़ा’ और ‘पिंडा आले जट’—के माध्यम से युवाओं को झूमने पर मजबूर कर देंगे।
प्रेस प्रवक्ता अजय चौधरी ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम सफल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर स्टूडेंट कोऑर्डिनेटर कार्तिकेय कौशल, सुचेत सिंह, इशू पांडेय, सहर शर्मा और माही सहित अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
‘कोलाहल-26’ विद्यार्थियों के लिए मनोरंजन, संस्कृति और उत्साह का एक यादगार मंच साबित होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button