ग़ाज़ियाबाद

ईद और नवरात्रि पर नगर निगम का जीरो वेस्ट पर जोर-वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी तय, नगर आयुक्त खुद कर रहे मॉनिटरिंग

गाजियाबाद। ईद-उल-फितर और नवरात्रि महोत्सव को लेकर नगर निगम गाजियाबाद पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। शहर में साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। सफाई मित्रों की टीमें ईदगाह मस्जिदों और मंदिरों के बाहर विशेष सफाई अभियान चला रही हैं, साथ ही जरूरत के अनुसार चूना और पानी का छिड़काव भी कराया जा रहा है।
नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाले सभी पांचों जोनों में धार्मिक स्थलों के आसपास सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को भी बेहतर किया गया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा इन व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी भी निर्धारित की गई है, जिसमें अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर आयुक्त ने ईद और नवरात्रि के दौरान आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों को ‘जीरो वेस्टÓ बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि आयोजन में कचरा कम उत्पन्न होगा तो शहर की स्वच्छता को और अधिक मजबूती मिलेगी। सफाई मित्र भी लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं और इस अभियान में जनसहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। नवरात्रि महोत्सव और ईद पर्व को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने इसे महा अभियान का रूप दिया है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश को विशेष टीमों के साथ लगातार निगरानी और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मंदिरों और मस्जिदों के बाहर नियमित सफाई के साथ-साथ अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं। इसके अलावा नगर निगम ने शहरवासियों से डिस्पोजेबल और प्लास्टिक के उपयोग से बचने की अपील की है। मंदिरों से निकलने वाले कचरे के निस्तारण के लिए प्लांट को सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश भी स्वास्थ्य विभाग को दिए गए हैं, ताकि धार्मिक आयोजनों के दौरान शहर स्वच्छ और व्यवस्थित बना रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button