आरकेजीआईटी में एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन

गाजियाबाद,( अनिल वशिष्ठ)। राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा 3डी प्रिंटिंग विषय पर एक दिवसीय हैंड्स-ऑन कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में आरकेजीआईटी सहित विभिन्न कॉलेजों से आए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा आधुनिक एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग तकनीक से संबंधित महत्वपूर्ण व्यावहारिक एवं तकनीकी ज्ञान प्राप्त किया।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग की मूल अवधारणा, एफडीएम तकनीक, 3डी प्रिंटिंग में प्रयुक्त विभिन्न प्रकार के फिलामेंट तथा उनके गुणों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही 3डी प्रिंटर की कार्यप्रणाली, प्रिंटिंग प्रक्रिया के विभिन्न चरणों तथा डिजाइन से लेकर अंतिम उत्पाद तैयार होने तक की संपूर्ण प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाया गया। विभागाध्यक्ष (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) डॉ. पंकज कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान औद्योगिक परिदृश्य में 3डी प्रिंटिंग जैसी उन्नत तकनीकों का ज्ञान अत्यंत आवश्यक हो गया है। कार्यशाला का समन्वय मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के सहायक प्राध्यापकअंकित एवं डॉ. रवि कुमार द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी विद्यार्थियों ने कार्यशाला को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के तकनीकी एवं व्यावहारिक कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता व्यक्त की। संस्थान के वाइस चेयरमैन अक्षत गोयल ने कार्यशाला के सफल आयोजन पर समस्त आयोजन समिति एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।



