आयुक्त मेरठ मंडल ने किया कलेक्ट्रेट का वार्षिक निरीक्षण।व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश।

बुलंदशहर। मेरठ मंडल के आयुक्त भानू चन्द्र गोस्वामी ने शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय बुलंदशहर का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण से पूर्व उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
आयुक्त ने नजारत, स्थानीय निकाय, न्याय, राजस्व, संग्रह एवं रिकॉर्ड रूम सहित विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर रजिस्टरों और पत्रावलियों की जांच की। नगर निकायों से संबंधित शिकायतों को समयबद्ध निस्तारित करने तथा लंबित जांच रिपोर्ट शीघ्र प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। हैसियत प्रमाण पत्र एवं आरसी वसूली मामलों में देरी पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
रिकॉर्ड रूम में अभिलेखों के सुरक्षित रख-रखाव एवं सीसीटीवी मॉनिटरिंग व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा कर कमियों को दूर करें।
इस दौरान जिलाधिकारी श्रुति, सीडीओ निशा ग्रेवाल, एडीएम प्रशासन डॉ. प्रमोद कुमार पांडेय, एडीएम न्यायिक भरत राम यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




