आतंकी साजिश का पर्दाफाश, नाहल गांव से छह संदिग्ध गिरफ्तार-पाकिस्तानी यूट्यूबर के वीडियो से प्रभावित होकर बना ग्रुप, हिंदू नेता की हत्या की थी साजिश

गाजियाबाद। सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए संभावित आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस, एटीएस और खुफिया एजेंसी आईबी की संयुक्त टीम ने मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल गांव से छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इन पर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने और कट्टरपंथी नेटवर्क से प्रभावित होकर साजिश रचने का आरोप है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में नाहल गांव निवासी शावेज (20), जुनैद (23), फरदीन (22), इकराम (36), फजलू (48) और जावेद (45) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इनमें से एक आरोपी पेशे से अधिवक्ता भी बताया जा रहा है। सभी आरोपियों से मसूरी थाने में गहन पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ गैर कानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए के तहत मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
जांच एजेंसियों के अनुसार ये आरोपी इंटरनेट मीडिया के माध्यम से कट्टरपंथी सामग्री से प्रभावित हो रहे थे। बताया जा रहा है कि नाहल गांव के कुछ युवक एक पाकिस्तानी यूट्यूबर के वीडियो लगातार देख रहे थे और उन्हीं से प्रभावित होकर उन्होंने एक समूह बना लिया था। इस समूह के माध्यम से वे देश विरोधी और भड़काऊ संदेश साझा करते थे। सूत्रों के मुताबिक आरोपियों ने एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया था, जिसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई शहरों के युवक जुड़े हुए थे। इस ग्रुप के माध्यम से कथित तौर पर कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़े संदेश और वीडियो साझा किए जाते थे। जांच एजेंसियों का कहना है कि आरोपी जैश-ए-मोहम्मद और कट्टरपंथी नेटवर्क से जुड़े वीडियो भी साझा कर रहे थे। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि ये लोग किसी बड़ी साजिश की तैयारी में थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने एक हिंदू नेता की हत्या की योजना बनाई थी। बताया जा रहा है कि यह नेता गाजियाबाद का ही निवासी है और साजिश को अंजाम देने की तैयारी चल रही थी। हालांकि समय रहते पुलिस और खुफिया एजेंसियों की सक्रियता से इस साजिश का खुलासा हो गया और आरोपियों को पकड़ लिया गया। अधिकारियों के अनुसार हाल ही में लोनी क्षेत्र में यूट्यूबर सलीम स्वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले के बाद पुलिस ने इंटरनेट मीडिया पर निगरानी और अधिक बढ़ा दी थी। इसी दौरान कुछ संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट्स से देश विरोधी और भड़काऊ सामग्री लगातार साझा किए जाने की जानकारी मिली। जांच के बाद इन अकाउंट्स का संबंध मसूरी क्षेत्र के नाहल गांव के कुछ लोगों से जुड़ा पाया गया। इसके बाद पुलिस, एटीएस और आईबी की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए गुरुवार को नाहल गांव में छापेमारी की और छह संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियों और आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि उनके पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। सूत्रों के मुताबिक खुफिया एजेंसियों को यह इनपुट भी मिला है कि ये लोग लोनी में सलीम स्वास्तिक पर हमला करने वाले कुछ लोगों के संपर्क में थे। हालांकि इस संबंध में अभी जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है। इस कार्रवाई के बाद नाहल गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर अधिकारियों द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान और भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है। सुरक्षा एजेंसियां आरोपियों के संपर्कों और उनके नेटवर्क की गहन जांच कर रही हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके और पूरे मामले का खुलासा किया जा सके।

