आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत थाना दुधारा में पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न

संतकबीरनगर।
बुद्धवार को प्रभारी निरीक्षक थाना दुधारा अरविन्द शर्मा ने थाना दुधारा परिसर में आगामी त्यौहार नवरात्रि, रमजान एवं ईद-उल-फितर के दृष्टिगत शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पीस कमेटी की बैठक आयोजित की। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों एवं संभ्रांत व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया ।
बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी दुधारा ने की, जिसमें उपस्थित सभी लोगों से त्यौहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारा एवं शांति के साथ मनाने की अपील की गई।
प्रभारी निरीक्षक अरविन्द शर्मा ने कहा कि सभी धर्मों के लोग आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखते हुए त्यौहार मनाएं । किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें, तथा ऐसी सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराएं।
जुलूस/धार्मिक कार्यक्रम पूर्व निर्धारित मार्ग एवं समय के अनुसार ही आयोजित किए जाएं, तेज ध्वनि (डीजे/लाउडस्पीकर) का प्रयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी तथा पुलिस द्वारा लगातार गश्त की जाएगी, सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट/संदेश प्रसारित न करें, अन्यथा विधिक कार्रवाई की जाएगी, बाजार एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति/वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस को दें, त्यौहारों के दौरान किसी भी प्रकार का विवाद होने पर स्वयं न उलझें, बल्कि तत्काल पुलिस को सूचित करें, पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए ।
बैठक के अंत में थाना प्रभारी ने सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपेक्षा की।



