अड़ींग बाईपास पर दर्दनाक हादसा, मोटरसाइकिल बचाने के प्रयास में टेंपो पलटा, एक की मौत
मथुरा। थाना गोवर्धन क्षेत्र के अडींग बाईपास पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अचानक सामने आई मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार रामजीलाल शर्मा निवासी जोधपुर (थाना फरह ) अपनी नातनी एवं अन्य परिजनों के साथ टेंपो द्वारा गोवर्धन में रिश्तेदारों के यहां जा रहे थे। जैसे ही टेंपो अडींग बाईपास के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में चालक का संतुलन बिगड़ गया और टेंपो सड़क किनारे पलट गया।
हादसा इतना भीषण था कि टेंपो में सवार रामजीलाल शर्मा सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही अडींग चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अडींग निजी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद रामजीलाल शर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और टेंपो चालक से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज गति और अचानक ब्रेक लगना बताया जा रहा है।



