सांसद हेमा मालिनी ने बारात घर व ड्रीम स्टूडियो का किया उद्घाटन, महिला समूह के उत्पाद को दिया बढ़ावा

मथुरा/गोवर्धन। क्षेत्र की अडीग ग्राम पंचायत में शुक्रवार को विकास कार्यों की एक नई कड़ी जुड़ गई। मथुरा से भाजपा सांसद एवं प्रसिद्ध अभिनेत्री हेमा मालिनी ने ग्राम पंचायत अडीग पहुंचकर बारात घर एवं ड्रीम स्टूडियो का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार किए गए मशरूम के अचार की भी विधिवत लॉन्चिंग की।
सांसद हेमा मालिनी के ग्राम पंचायत पहुंचते ही ग्राम प्रधान स्नेहलता, डीपीआरओ, ग्राम सचिव, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
ग्राम पंचायत कार्यालय परिसर में बनाए गए ड्रीम स्टूडियो का निरीक्षण करते हुए सांसद ने इसे डिजिटल इंडिया की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत की स्वयं की आय से तैयार किया गया यह ड्रीम स्टूडियो उत्तर प्रदेश में ग्राम पंचायत स्तर पर स्थापित पहला स्टूडियो है, जो ग्रामीण प्रतिभाओं, प्रशिक्षण, सरकारी योजनाओं की जानकारी और डिजिटल गतिविधियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ग्राम पंचायत स्तर पर इस प्रकार के नवाचार गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने महिला समूहों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की भागीदारी से गांवों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।
वहीं नवनिर्मित बारात घर से ग्रामीणों को सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए एक बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को राहत मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में सांसद ने ग्रामवासियों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने एवं गांव के विकास में सहयोग करने की अपील की।
इस मौके पर , एमएलसी विधायक ठाकुर ओम प्रकाश सिंह, गोवर्धन विधायक ठाकुर मेघश्याम सिंह, डीपीआरओ धनंजय जायसवाल, ग्राम प्रधान श्रीमती स्नेहालता रावत, वी डी ओ गिरीश पंत, सचिव यतिन शर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष जज्ञानेंद्र सिंह राणा, राधा कुंड मंडल महामंत्री कपिल सेठ उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंघल मीडिया प्रभारी के केशव सैनी सहित तमाम भाजपा कार्यकर्ता और पंचायत कर्मचारी मौजूद रहे।



